सहायक आचार्यों को जल्द मिलेगा वेतन, शपथ-पत्र लेकर भुगतान का निर्देश

Advertisements

सहायक आचार्यों को जल्द मिलेगा वेतन, शपथ-पत्र लेकर भुगतान का निर्देश

अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ का प्रयास रंग लाया 

डीजे न्यूज, धनबाद : झारखंड में नवनियुक्त सहायक आचार्यों के वेतन भुगतान में हो रही देरी को लेकर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि आवश्यक शपथ-पत्र प्राप्त कर सहायक आचार्यों के वेतनादि का भुगतान अविलंब सुनिश्चित किया जाए।

अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रयास से यह निर्देश जारी हुआ है।

प्राथमिक शिक्षा निदेशालय के निदेशक मनोज कुमार रंजन द्वारा जारी पत्रांक-14/वि०/वेतन-11/2026-923, दिनांक 8 जून 2026 में कहा गया है कि राज्य में नियुक्त सहायक आचार्यों को अब तक वेतन का भुगतान नहीं हो सका है। इस मामले की विभिन्न स्तरों पर समीक्षा की गई, जिसमें पाया गया कि शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक प्रमाण-पत्रों के सत्यापन में विलंब वेतन भुगतान की मुख्य बाधा है।

पत्र में कहा गया है कि वेतन नहीं मिलने के कारण नवनियुक्त सहायक आचार्यों को विशेष रूप से आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए विभाग ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।

विभाग के प्रमुख निर्देश

सभी सहायक आचार्यों का भविष्य निधि (पीएफ) खाता खुलवाया जाए।

जिन सहायक आचार्यों के शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक प्रमाण-पत्रों का सत्यापन अभी तक नहीं हुआ है, उनसे निर्धारित प्रारूप में शपथ-पत्र प्राप्त कर वेतनादि का भुगतान किया जाए।

प्रमाण-पत्रों के सत्यापन कार्य में तेजी लाई जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित सहायक आचार्यों का सहयोग लेकर आगामी चार माह के भीतर हर हाल में सत्यापन कार्य पूरा किया जाए।

निर्धारित अवधि तक सत्यापन कार्य पूरा नहीं होने की स्थिति में संबंधित सहायक आचार्यों का वेतन स्वतः स्थगित माना जाएगा।

विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि संलग्न प्रारूप के अनुसार सहायक आचार्यों से तत्काल शपथ-पत्र प्राप्त कर वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी करें।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस प्रस्ताव पर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव का अनुमोदन प्राप्त है। विभाग के इस निर्णय से राज्य के हजारों नवनियुक्त सहायक आचार्यों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top