जामताड़ा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
सात मोबाइल व नौ सिम कार्ड बरामद
डीजे न्यूज, जामताड़ा : जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करमाटाँड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा गांव में छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी कराने के नाम पर लोगों को झांसा देकर साइबर ठगी करते थे। पुलिस ने उनके पास से सात मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए हैं।
जामताड़ा। पुलिस अधीक्षक जामताड़ा श्री शंभु कुमार सिंह (भा.पु.से.) को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करमाटाँड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तेतुलबंधा स्थित सुनसान पलाश एवं पुटूश की झाड़ियों वाले इलाके में छापेमारी कर साइबर अपराध में संलिप्त तीन अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
इस संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 34/26, दिनांक 08 जून 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 111(2)(b), 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2), 3(5), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(B), 66(C), 66(D) तथा दूरसंचार अधिनियम 2023 की धारा 42(3)(e) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में महेन्द्र कुमार मंडल (28 वर्ष), पिता अरूण मंडल, टिंकु कुमार मंडल (26 वर्ष), पिता रामू मंडल तथा विकास कुमार मंडल (24 वर्ष), पिता स्वर्गीय लालमोहन मंडल शामिल हैं। तीनों आरोपी ग्राम धरूवाडीह, थाना करमाटाँड़, जिला जामताड़ा के निवासी हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड बंद होने अथवा नया क्रेडिट कार्ड जारी कराने के नाम पर लोगों को फोन कर झांसे में लेते थे। इसके अलावा गूगल एप पर विभिन्न कंपनियों और बैंकों के फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर लोगों को भ्रमित करते थे। आरोपी लोगों से APK फाइल डाउनलोड करवाकर उनके क्रेडिट कार्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी महेन्द्र कुमार मंडल का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह साइबर अपराध थाना, जामताड़ा कांड संख्या 62/21 में आरोप पत्रित है। गिरोह का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था।
छापेमारी दल में साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक अमृत कुमार राम, पुलिस निरीक्षक प्रशांत कुमार सहित रिजर्व गार्ड के आरक्षी एवं हवलदार शामिल थे।
जामताड़ा पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में जनवरी माह से अब तक साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल 75 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस ने कहा है कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।