भूली मोड़ पर दिनदहाड़े चली गोलियां, फहीम खान का भाई समेत दो घायल
डीजे न्यूज, धनबाद : भूली मोड़ इलाके में सोमवार पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान और उसके साथ मौजूद सद्दाम पर अचानक फायरिंग कर दी। घटना में दोनों गोली लगने से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जाता है कि सानू खान और सद्दाम किसी काम से भूली मोड़ क्षेत्र में पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने दोनों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियों की आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल सानू खान को असर्फी अस्पताल, जबकि सद्दाम को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
पुलिस घटना के पीछे की वजह और गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद भूली मोड़ इलाके में दहशत और सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।