मैराथन वार्ता के बाद दिवंगत प्रमेंद्र कुमार के आश्रित को मिला नियोजन
डीजे न्यूज, धनबाद: चासनाला कोलियरी के दिवंगत कर्मी प्रमेन्द्र कुमार के आश्रित को नियोजन दिलाने के लिए यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) द्वारा चलाया गया संघर्ष आखिरकार सफल हुआ। एटक के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सह चासनाला कोलियरी डिवीजन के अध्यक्ष खुशवंत कुमार के नेतृत्व में यूनियन ने प्रबंधन पर लगातार दबाव बनाया, जिसके बाद देर रात तक चली मैराथन वार्ता के पश्चात मृत कर्मी के आश्रित को नियोजन पत्र सौंप दिया गया।
प्रमेन्द्र कुमार के निधन के बाद उनके आश्रित के नियोजन को लेकर प्रबंधन की ओर से प्रक्रिया में हो रही देरी से एटक नेताओं में नाराजगी थी। यूनियन का कहना था कि एक मजदूर परिवार पहले ही अपने कमाऊ सदस्य को खो चुका है, ऐसे में नियोजन के मामले में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
खुशवंत कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रबंधन के समक्ष लगातार मजबूती से पक्ष रखा और आश्रित को तत्काल नियोजन देने की मांग की। यूनियन की ओर से स्पष्ट कर दिया गया कि जब तक मृत कर्मी के परिवार को उसका अधिकार नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
एटक नेताओं के अनुसार, मामले को लेकर धनबाद सांसद ढुलू महतो ने भी देर रात करीब 1 बजे तक ईडी एवं सीजीएम से बातचीत की और अनफिट की प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए तत्काल नियोजन देने को कहा। इसके बाद प्रबंधन और यूनियन के बीच देर रात तक वार्ता चली और अंततः आश्रित को नियोजन पत्र सौंपा गया।
मजदूर के अधिकार से कोई समझौता नहीं: खुशवंत कुमार
नियोजन पत्र सौंपे जाने के बाद खुशवंत कुमार ने कहा कि एटक मजदूरों और उनके परिवारों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रमेन्द्र कुमार के आश्रित को नियोजन दिलाना केवल एक परिवार की मदद नहीं, बल्कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई थी।
उन्होंने कहा, “मजदूर के साथ अन्याय होगा तो एटक चुप नहीं बैठेगा। प्रबंधन को मजदूरों और उनके आश्रितों के वैधानिक अधिकार समय पर देने होंगे। प्रमेन्द्र कुमार के परिवार को नियोजन मिलने तक हमने लगातार संघर्ष किया और आगे भी मजदूर हित के हर मामले में मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे।”
खुशवंत कुमार ने कहा कि एटक का उद्देश्य टकराव पैदा करना नहीं, बल्कि मजदूरों और उनके परिवारों को उनका अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि नियोजन, मुआवजा, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य वैधानिक लाभों के मामलों में किसी भी प्रकार की टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रबंधन और एटक के प्रतिनिधि रहे मौजूद
देर रात हुई वार्ता में प्रबंधन की ओर से जीएम (एचआर) उदय कुलकर्णी, डीजीएम (एचआर) राघवेंद्र शर्मा एवं एजीएम (एचआर) बारिक रंजन मौजूद रहे।
वहीं एटक की ओर से क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सह चासनाला कोलियरी डिवीजन के अध्यक्ष खुशवंत कुमार, महासचिव बेलाल शेख, अकबर अंसारी, विशाल महतो, सलाहुद्दीन अंसारी, दुर्गा ठाकुर, सावन प्रसाद, टिंकू महतो, विक्की ओझा, डॉ. एम.के. ठाकुर सहित अन्य यूनियन नेता उपस्थित रहे।
एटक चासनाला के महासचिव बेलाल शेख ने कहा कि मजदूरों के आश्रितों के नियोजन, मुआवजा, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य वैधानिक अधिकारों को लेकर यूनियन का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
एटक नेताओं ने कहा कि प्रमेन्द्र कुमार के आश्रित को मिला नियोजन पत्र मजदूरों की एकजुटता और लगातार किए गए संघर्ष की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।