सांसद ढुलू ने धनबाद में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं दिलाने की मांग लोकसभा में उठाई
डीजे न्यूज, धनबाद: सांसद ढुलू महतो ने लोकसभा में अतारांकित प्रश्न के माध्यम से धनबाद जिले में खेल अवसंरचना के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण तथा खेल सुविधाओं के विस्तार का महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार का ध्यान धनबाद के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में मौजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के समक्ष खेल संसाधनों की कमी की ओर आकर्षित किया।
सांसद ढुलू महतो ने सदन में कहा कि टुंडी, टोपचांची सहित धनबाद के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में तीरंदाजी और फुटबॉल जैसी खेल विधाओं में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन पूरे जिले में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) का एक भी प्रशिक्षण केंद्र नहीं है। उन्होंने पूछा कि इतने बड़े औद्योगिक जिले में ‘खेलो इंडिया’ योजना के अंतर्गत आधुनिक खेल परिसर की स्वीकृति में देरी क्यों हो रही है।
उन्होंने यह भी जानना चाहा कि राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर पदक जीतने वाले धनबाद के आदिवासी खिलाड़ियों को केंद्र सरकार की छात्रवृत्ति, वित्तीय सहायता, उन्नत प्रशिक्षण, खेल सामग्री एवं पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ किस प्रकार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही सांसद ढुलू महतो ने धनबाद के दिगवाडीह स्टेडियम एवं गोल्फ ग्राउंड स्टेडियम के उन्नयन को लेकर भी सरकार से समयबद्ध कार्ययोजना की जानकारी मांगी।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने अपने उत्तर में बताया कि खेल राज्य का विषय है तथा खेल अवसंरचना के विकास की प्राथमिक जिम्मेदारी राज्य सरकारों की है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्तमान में धनबाद में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) का कोई प्रशिक्षण केंद्र संचालित नहीं है, जबकि झारखंड में हजारीबाग एवं रांची में दो SAI प्रशिक्षण केंद्र कार्यरत हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि ‘खेलो इंडिया’ योजना मांग-आधारित योजना है, जिसके अंतर्गत राज्य सरकारों से प्राप्त प्रस्तावों पर तकनीकी एवं वित्तीय मानकों के अनुसार विचार किया जाता है।
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाओं और उचित अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से धनबाद के खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर खेल अवसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि वे धनबाद के खिलाड़ियों के हितों और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए संसद से लेकर संबंधित मंत्रालयों तक लगातार आवाज उठाते रहेंगे।