संसद में धनबाद की स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा मजबूती से उठाया : ढुलू महतो

संसद में धनबाद की स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा मजबूती से उठाया : ढुलू महतो

डीजे न्यूज, धनबाद: सांसद ढुलू महतो ने लोकसभा के मानसून सत्र में धनबाद की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए बीसीसीएल केंद्रीय अस्पताल के उन्नयन तथा कोयलांचल क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता पर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने लोकसभा के अतारांकित प्रश्न संख्या 581 के माध्यम से कोयला मंत्रालय से बीसीसीएल केंद्रीय अस्पताल, धनबाद को आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने, खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपलब्ध कराने तथा क्षेत्रीय अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी।

सांसद ढुलू महतो ने सरकार से पूछा कि क्या बीसीसीएल केंद्रीय अस्पताल ही प्रमुख रेफरल सेंटर होने के कारण मरीजों को निजी अस्पतालों में लाखों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं तथा क्या अस्पताल को अत्याधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ सुपर स्पेशियलिटी केंद्र के रूप में विकसित करने की कोई समयबद्ध योजना है। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के लाभार्थियों, खनन प्रभावित क्षेत्रों के मरीजों तथा बीसीसीएल के अस्पतालों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के विस्तार को लेकर भी सरकार से नीति संबंधी जानकारी मांगी।

इस पर कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने लोकसभा में उत्तर देते हुए बताया कि बीसीसीएल केंद्रीय अस्पताल वर्तमान में बहु-विशेषज्ञ (Multi-Speciality) चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है तथा सुपर स्पेशियलिटी उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों को कोल इंडिया द्वारा सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार की सुविधा दी जाती है, जिसका खर्च निर्धारित योजना के अनुसार वहन किया जाता है। सरकार ने यह भी बताया कि वर्तमान में बीसीसीएल केंद्रीय अस्पताल को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की कोई योजना नहीं है। साथ ही, खनन क्षेत्रों में क्षेत्रीय अस्पतालों एवं औषधालयों को आवश्यक चिकित्सा उपकरण, एम्बुलेंस, जीवनरक्षक दवाइयों तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ से लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद देश की ऊर्जा राजधानी होने के साथ-साथ लाखों श्रमिकों, कोयला कर्मियों एवं आम नागरिकों का शहर है। ऐसे क्षेत्र में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं समय की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को रांची, कोलकाता, दिल्ली या अन्य महानगरों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक और मानसिक दोनों प्रकार का बोझ बढ़ता है।

उन्होंने कहा कि वे धनबाद की जनता के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को संसद में मजबूती से उठाते रहेंगे और बीसीसीएल केंद्रीय अस्पताल को चरणबद्ध तरीके से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने तथा कोयलांचल के लोगों को उनके अपने क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष लगातार प्रयास जारी रखेंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top