भागवत कथा का निमंत्रण देने ससुराल जा रहे युवक की सड़क हादसा में गोविंदपुर में मौत, साथी घायल
डीजे न्यूज, गोविंदपुर, धनबाद : गोविंदपुर थाना अंतर्गत देवली महिंद्रा शोरूम के समीप एनएच 19 पर सोमवार शाम 5:30 बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल चालक अनिल कुंभकार 50 वर्ष की मौत घटनास्थल पर हो गई तथा सवार सुभाष कुंभकार 55 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर गोविंदपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस मृतक को एवं घायल व्यक्ति को तत्काल उठाकर एसएनएमएमसीएच ले गई। अनिल कुंभकार का पोस्टमार्टम मंगलवार को होगा जबकि सुभाष का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन एवं स्थानीय लोग घटनास्थल पहुंचे और इस घटना के खिलाफ सड़क को जाम कर दिया। जाम करीब ढाई घंटे तक रहा । सड़क जाम कर रहे आंदोलनकारी सीसीटीवी फुटेज से दुर्घटना के बाद भाग निकली गाड़ी का पता लगाने, मृतक के परिवार को मुआवजा देने व सड़क क्रॉसिंग के लिए एनएचएआई से फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने महिंद्रा शोरूम समेत आसपास के सीसीटीवी को खंगाला परंतु कुछ स्पष्ट नहीं मिला। अंचलाधिकारी यशवंत कुमार सिन्हा और पुलिस इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद राउत के काफी समझाने बुझाने के बाद रात करीब 8:00 बजे सड़क जाम हटा। अंचलाधिकारी ने मृतक के परिवार को सरकारी प्रावधान के अनुसार सारी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा कि मृतक के परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सड़क जाम आंदोलन के कारण जीटी रोड पर वाहनों की लंबी लंबी कतार लग गई । दुर्घटना के संबंध में बताया जाता है कि तिलाबनी ग्राम पंचायत के बागदुडीह गांव निवासी अनिल कुंभकार व सुभाष कुंभकार मोटरसाइकिल संख्या जेएच10डीएफ7131 में सवार होकर भागवत कथा का निमंत्रण देने कुलडंगाल देवली जा रहे थे। अनिल का ससुराल कुलडंगाल देवली है। इस क्रम में देवली महिंद्रा शोरूम के समीप सड़क क्रॉस करने के दौरान एक अज्ञात वाहन टक्कर मार दिया, जिसके कारण अनिल कुंभकार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई तथा सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गया। बागदुडीह गांव निवासी प्रयाग कुंभकार ने बताया कि गांव में तीन दिवसीय भागवत कथा का आयोजन किया गया है। इसी सिलसिले में दोनों निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे और दुर्घटना हो गई। मृतक अनिल के परिवार में पत्नी और एकमात्र पुत्र है। इस वर्ष वह पुत्र की शादी करने वाले थे। घटना के बाद पहुंचे भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष एवं प्रजापति कुम्हार समाज के जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार, विश्वनाथ पाल, सीताराम कुंभकार, माथुर कुम्भकार आदि पहुंचे। उन्होंने इस घटना पर संवेदना जताई। मोहन कुंभकार ने कहा कि एनएचएआई द्वारा यदि लोगों के क्रॉसिंग के लिए फुटओवर ब्रिज बनाया गया होता तो यह घटना नहीं होती और अनिल कुम्भकार की जान नहीं जाती। उन्हें प्रशासन से पीड़ित परिवार को पूरा मुआवजा देने की मांग की।