तीरंदाजी में दम दिखाने वाली पुलिस टीमों को सीएम ने किया सम्मानित, ITBP पुरुष और CISF महिला वर्ग में अव्वल
डीजे न्यूज, रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सोमवार को खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पुलिस टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की सराहना करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना राज्य के लिए गौरव की बात है। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
**महिला वर्ग में CISF, पुरुष वर्ग में ITBP का दबदबा**
प्रतियोगिता के महिला वर्ग में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने 37 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। उत्तर प्रदेश पुलिस 34 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि असम राइफल्स और सीमा सुरक्षा बल (BSF) 23-23 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं, पुरुष वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने 53 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश पुलिस 22 अंकों के साथ दूसरे और राजस्थान पुलिस 21 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। मुख्यमंत्री ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
**अंकिता भकत की उपलब्धि को सराहा**
मुख्यमंत्री ने टाटा आर्चरी एकेडमी की तीरंदाज अंकिता भकत को भी सम्मानित किया। उनके नेतृत्व में भारतीय तीरंदाजी टीम ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि की प्रशंसा करते हुए अन्य खिलाड़ियों से भी उनसे प्रेरणा लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और राज्य का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को भी बधाई दी।
समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड की प्रतिनिधि मीणा भारती, अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे एवं मनोज कौशिक सहित वरीय पुलिस पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य और विभिन्न पुलिस टीमों के खिलाड़ी मौजूद थे।