उपायुक्त रामनिवास यादव ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
29 जुलाई तक गणना प्रपत्र करें जमा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रामनिवास यादव ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर BLO-BLA-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला के संचालन का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की प्रगति, निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुपालन तथा BLO एवं BLA-2 के बीच समन्वय की समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रारूप मतदाता सूची एवं ASDDF (Absent, Shifted, Dead, Duplicate एवं अन्य संदिग्ध प्रविष्टियों) सूची के सत्यापन की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं BLO को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रविष्टि का तथ्यात्मक एवं सूक्ष्म परीक्षण करते हुए मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं होना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही 01 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं को यथासंभव एक ही मतदान केंद्र से संबद्ध करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उन मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर गणना प्रपत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए, जिनसे अब तक प्रपत्र प्राप्त नहीं हो सके हैं। उन्होंने BLO एवं BLA-2 को आपसी समन्वय के साथ घर-घर संपर्क अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रत्येक बिंदु का गंभीरतापूर्वक सत्यापन करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने चुनाव पाठशाला का भी अवलोकन किया तथा मतदाता जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि आम नागरिकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, नाम संशोधन एवं अन्य निर्वाचन संबंधी प्रावधानों की समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ सकें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) निर्वाचन आयोग की अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, BLO, BLA-2 तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने का निर्देश दिया।