रांची और लोहरदगा की महिला टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला
डीजे न्यूज, सरिया, गिरिडीह : बगोदर विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरिया प्रखंड के कोरियाटांड़ अमनारी में शिव शक्ति क्लब की ओर से एक दिवसीय महिला फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। मुकाबले में बगोदर विधायक सह सचेतक नागेंद्र महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रांची और लोहरदगा की महिला फुटबॉल टीमों के बीच होने वाले मुकाबले का फीता काटकर और फुटबॉल को किक मारकर उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक नागेंद्र महतो ने दोनों टीमों की खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि रांची और लोहरदगा से बगोदर की धरती पर खेलने पहुंचीं दोनों टीमों का स्वागत और अभिनंदन है। मैच के समापन पर विजेता और उपविजेता टीम को कप देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में महिला और पुरुष दर्शक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भाजयुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष आशीष बॉर्डर, सांसद प्रतिनिधि बिनोद यादव, जिला परिषद प्रतिनिधि हरिहर मंडल, विधायक प्रतिनिधि बबलू मंडल, विधायक प्रतिनिधि सह मुखिया अजय यादव, मंडल अध्यक्ष मनीष मंडल, सांसद प्रतिनिधि शिवधन मंडल, प्रमुख प्रतिनिधि रंजीत मंडल, उपेंद्र यादव, शैलेश मंडल, हरेंद्र यादव, प्रदीप मंडल, गोकुल यादव, बद्री यादव, सोहन दास, दिलीप मोदी, मुन्ना मंडल, रामचंद्र मंडल, कमेटी अध्यक्ष मथुरा यादव, विजय यादव, विजय मंडल, छोटू पासवान, दिनेश्वर यादव, बीरेंद्र यादव और परमेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद थे।