रेलवे कर्मचारी के बंद घर से 20 लाख के गहने और 50 हजार नकद ले उड़े चोर परिवार के साथ बिहार के गोपालगंज पूजा में गए थे रेलकर्मी

रेलवे कर्मचारी के बंद घर से 20 लाख के गहने और 50 हजार नकद ले उड़े चोर

परिवार के साथ बिहार के गोपालगंज पूजा में गए थे रेलकर्मी

डीजे न्यूज, धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र में चोरों ने एक रेलवे कर्मचारी के बंद आवास को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर घर के कई ताले तोड़कर अंदर घुसे और करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात के साथ 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना बरमसिया स्थित यमुना विहार कॉलोनी, फुटबॉल मैदान के समीप की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि रेलवे कर्मचारी सुधीर कुमार प्रसाद पूरे परिवार के साथ सप्तमी पूजा समारोह में शामिल होने के लिए बिहार के गोपालगंज गए हुए थे। बंद पड़े घर की देखभाल के लिए एक महिला को रखा गया था। गुरुवार सुबह जब महिला घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।

इसके बाद उसने घटना की जानकारी घर मालिक को दी। सुधीर प्रसाद ने अपने नजदीकी रिश्तेदारों को इसकी सूचना दी। दोपहर में जब रिश्तेदार मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर का नजारा देखकर सभी दंग रह गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व अन्य जगहों पर रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।

पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों के अनुसार, चोरों ने मुख्य दरवाजे पर लगे तीन तालों सहित घर के अन्य तालों को भी तोड़ दिया। इसके बाद घर में रखे करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।

परिजनों का कहना है कि छोटे भाई की शादी के लिए खरीदे गए गहने, बर्तन और कपड़े भी चोरी हो गए हैं। घटना की सूचना धनसार थाना पुलिस को दे दी गई है।
वहीं, अधिवक्ता और परिवार के सदस्य प्रभाकर प्रसाद ने बताया कि घर के सभी लोग पूजा समारोह में शामिल होने के लिए बिहार गए हुए थे। बंद घर का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है।
फिलहाल धनसार पुलिस को चोरी की सूचना दे दी गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरों ने बंद घर की रेकी कब और कैसे की और लाखों की चोरी की इस वारदात में कितने लोग शामिल थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top