पुलिस ने साइबर सुरक्षा के प्रति छात्रों को किया जागरूक

पुलिस ने साइबर सुरक्षा के प्रति छात्रों को किया जागरूक

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): धनबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को बड्स गार्डन स्कूल में विद्यार्थियों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी देते हुए अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने तथा निजी तस्वीरें, मोबाइल नंबर, पासवर्ड व अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। फर्जी लिंक, लॉटरी, इनाम और संदिग्ध कॉल-मैसेज के झांसे से बचने तथा किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता जांचने को कहा गया।
विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड रखने और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय करने की सलाह दी गई। साथ ही ओटीपी, बैंक विवरण, डेबिट-क्रेडिट कार्ड नंबर, सीवीवी जैसी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को नहीं देने के लिए अभिभावकों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट और AI डीपफेक जैसे बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी बच्चों को सचेत किया। बताया गया कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई चीज़ पुलिस विभाग मे नहीं होती। साइबर अपराधी इसे हथियार बना कर लोगो को डराकर या झांसा देकर ठगी कर सकते हैं, जबकि AI की मदद से नकली फोटो और वीडियो बनाकर लोगों को गुमराह किया जा सकता है। विद्यार्थियों ने साइबर अपराध से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने जवाब देते हुए कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी।
पुलिस ने अपील की कि किसी भी संदिग्ध साइबर घटना की जानकारी तुरंत अभिभावक, शिक्षक या पुलिस को दें। मौके पर एसपी ग्रामीण मो. याकूब, इंस्पेक्टर रुस्तम अंसारी, राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार, विद्यालय प्राचार्य प्रमोद कुमार सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top