पलानी व दूधिया में विकास योजनाओं का शिलान्यास
शिलान्यास बोर्ड पर राशि का उल्लेख नहीं, ग्रामीणों में रोष
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): पलानी पंचायत में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 5 किलोमीटर रोड निर्माण एवं दूधिया में दुर्गा गड़िया तालाब जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास रविवार को सिंदरी के विधायक चंद्रदेव महतो ने किया। उक्त दोनों विकास योजनाएं डीएमएफटी फंड से किया जाना है।
इधर दोनों ही योजनाओं के शिलान्यास बोर्ड पर योजना के प्राक्कलित राशि उल्लिखित नहीं रहने से ग्रामीण तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पलानी पंचायत के लालबांध से फकिराडीह – मलिकडीह होते हुए पलानी स्कूल मोड़ तक सड़क का निर्माण किया जाना है। राशि का उल्लेख नहीं रहने के संबंध में पूछे जाने पर लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि तालाब निर्माण का कार्य आठ लाख 70 हजार की लागत से किया जाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बोर्ड पर राशि का उल्लेख जरूरी है। फिलहाल विकास योजनाओं के बोर्ड पर राशि उल्लेख नहीं रहने से ग्रामीणों में भारी रोष देखा जा रहा है। मौके पर जिला परिषद सदस्य उषा महतो, संबंधित पंचायत के मुखिया एवं अन्य लोग मौजूद थे।