पिता की बीमारी के बाद पुत्र ने मांगी नौकरी, श्रम पदाधिकारी से लगाई गुहार
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : श्री दिगंबर जैन तेरहपंथी कोठी, मधुबन की धार्मिक संस्था में कार्यरत आनंद कुमार अग्रवाल के अस्वस्थ होने के बाद उनके पुत्र अंश अग्रवाल ने पिता के स्थान पर स्वयं को नौकरी देने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, पीरटांड़ को आवेदन देकर मानवीय एवं पारिवारिक परिस्थितियों को देखते हुए उचित पहल करने की गुहार लगाई है।
आवेदन में अंश अग्रवाल ने बताया है कि उनके पिता करीब दो वर्षों से शारीरिक रूप से अस्वस्थ हैं। स्वास्थ्य खराब रहने के कारण वे नियमित रूप से कार्यालयीन कार्यों का निर्वहन करने में असमर्थ हैं। इसी वजह से उन्होंने अपना पद छोड़ने की इच्छा जताते हुए संस्था के समक्ष लिखित आवेदन भी दिया है।
आवेदन के अनुसार, जनवरी 2026 में संस्था के प्रबंधक की ओर से आनंद कुमार अग्रवाल से करीब एक माह तक कार्य कराया गया। इसके बाद उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए दिगंबर जैन तेरहपंथी कोठी के तत्कालीन सीईओ विरेंद्र जैन को भी मौखिक रूप से जानकारी दी गई। सीईओ की ओर से उन्हें पहले बेहतर स्वास्थ्य चिकित्सालय में उपचार कराने और स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद ही दोबारा कार्य करने की सलाह दी गई थी।
अंश अग्रवाल का कहना है कि पिता की बीमारी के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में उन्होंने श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी से आग्रह किया है कि पारिवारिक एवं मानवीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें अपने पिता के स्थान पर नियमानुसार संस्था में कर्मचारी के रूप में नियुक्त कराने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाए।
उन्होंने कहा कि पिता की अस्वस्थता के कारण परिवार के सामने उत्पन्न आर्थिक संकट को देखते हुए नौकरी मिलने से परिवार को सहारा मिल सकेगा।