विधायक ने भू-धंसान स्थल का किया निरीक्षण

विधायक ने भू-धंसान स्थल का किया निरीक्षण

अधिकारियों को लगाई फटकार, बोले-कोताही या लापरवाही बर्दाश्त

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
बीसीसीएल के गोविंदपुर एरिया-3 अंतर्गत महेशपुर कोलियरी में संचालित श्री इंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी के सिनीडीह डंपिंग मार्ग  पर सोमवार को हुए भू-धंसान की घटना के दूसरे मंगलवार को बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। मौके पर विधायक ने विभागीय लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विधायक ने धंसान से बने खतरनाक गोफ की तत्काल भराई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि केवल खोखले आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, धरातल पर ठोस कार्रवाई दिखनी चाहिए। आसपास रह रहे ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने प्रभावित परिवारों के सुरक्षित एवं समुचित विस्थापन में तेजी लाने पर जोर दिया। विधायक ने प्रभावितों को आश्वस्त किया कि जनता के हक और सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़े हैं। प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की सुरक्षा और विस्थापन के लिए समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद फोन पर विधायक ने बीसीसीएल गोविंदपुर एरिया-3 के महाप्रबंधक से बात की। विधायक के आश्वासन के बाद बत्तीघर के आसपास रह रहे लोगों ने कंपनी का काम सुचारू रूप से चलने देने पर सहमति दी। दोपहर एक बजे के बाद कंपनी का कार्य पूर्व की तरह शुरू हो गया। भू धंसान स्थल पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो के साथ भाजपा नेता गौरचंद बाउरी, पूर्व पंचायत समिति प्रतिनिधि अवधेश राम, पंचायत समिति सदस्य पिंटू वरनवाल, मंटू भारती, आनंद बाउरी, गोपाल बाउरी, मुखिया प्रतिनिधि बिट्टू चौहान सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top