पेपर लीक मामले को लेकर विधानसभा परिसर में एनडीए ने किया प्रदर्शन, सीबीआई जांच की मांग

पेपर लीक मामले को लेकर विधानसभा परिसर में एनडीए ने किया प्रदर्शन, सीबीआई जांच की मांग

डीजे न्यूज, रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के प्रथम दिन गुरुवार को जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षा पेपर लीक, कथित अनियमितताओं तथा सीटों की खरीद-फरोख्त के गंभीर आरोपों के विरोध में विधानसभा परिसर में भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए के विधायकों ने विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया, जिसमें झरिया विधायक रागिनी सिंह सहित भाजपा एवं एनडीए के सभी विधायक शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा विधायकों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जेपीएससी एवं जेएसएससी भर्ती प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग की।

वक्ताओं ने कहा कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं की मेहनत, प्रतिभा और विश्वास के साथ यदि अन्याय होता है तो उसके खिलाफ आवाज उठाना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है।

विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकार, सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक युवा को न्याय मिले, भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और भ्रष्टाचारमुक्त बने तथा युवाओं की मेहनत का सम्मान सुनिश्चित हो, इसके लिए भाजपा का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं पर विश्वास कायम रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top