आईआईटी (आईएसएम) में होगी पार्ट-टाइम स्पोर्ट्स असिस्टेंट की नियुक्ति

आईआईटी (आईएसएम) में होगी पार्ट-टाइम स्पोर्ट्स असिस्टेंट की नियुक्ति

डीजे न्यूज,धनबाद, 6: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खनि विद्यापीठ), धनबाद ने संस्थान की खेल गतिविधियों को और मजबूत बनाने के लिए पार्ट-टाइम स्पोर्ट्स असिस्टेंट के पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्ति प्रारंभिक रूप से छह माह की अवधि के लिए की जाएगी।

संस्थान द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बैडमिंटन, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, स्क्वैश, शतरंज, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग और क्रिकेट सहित कुल नौ खेलों के लिए एक-एक स्पोर्ट्स असिस्टेंट की नियुक्ति की जाएगी। अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं या समकक्ष निर्धारित की गई है, जबकि स्नातक अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। इसके साथ ही संबंधित खेल में राज्य या राष्ट्रीय स्तर की भागीदारी अथवा स्पोर्ट्स कोचिंग में डिप्लोमा, बी.पी.एड. (संबंधित खेल में विशेषज्ञता) या छह सप्ताह का प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम होना आवश्यक है। आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है।

चयनित स्पोर्ट्स असिस्टेंट को 100 रुपये प्रति घंटे की दर से मानदेय दिया जाएगा। उनसे प्रतिदिन अधिकतम आठ घंटे तथा सप्ताह में अधिकतम छह दिन कार्य लिया जाएगा। चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और खेल कौशल का प्रदर्शन शामिल होगा। इसके लिए 18 अगस्त को आईआईटी (आईएसएम) के स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर (एसएसी) में प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) आयोजित किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर यह प्रक्रिया 19 अगस्त को भी जारी रहेगी।

इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन प्रपत्र भरकर, शैक्षणिक, खेल एवं अनुभव संबंधी प्रमाणपत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियों, मूल प्रमाणपत्रों तथा दो हालिया पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर सीधे एसएसी, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में उपस्थित होना होगा। विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रपत्र संस्थान की अधिसूचना में उपलब्ध हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top