न्यू बरगंडा में सूने मकान पर चोरों का धावा, लाखों के जेवर-नकदी उड़ाए

Advertisements

न्यू बरगंडा में सूने मकान पर चोरों का धावा, लाखों के जेवर-नकदी उड़ाए

डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगर थाना क्षेत्र के न्यू बरगंडा में चोरों ने एक बंद पड़े घर में घुसकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला और पीछे का लकड़ी का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए तथा सोने-चांदी के जेवर, नकदी समेत करीब 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति लेकर फरार हो गए। जाते-जाते चोर फ्रिज में रखी मिठाई भी खा गए और गुल्लक तोड़कर उसमें रखे पैसे तक निकाल ले गए।

बताया गया कि गृहस्वामी अमित कुमार सिन्हा अपने परिवार के साथ शनिवार शाम पश्चिम बंगाल के तारापीठ मंदिर पूजा करने गए थे। रविवार को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी खुली हुई है। जांच करने पर जेवरात और करीब 60 से 70 हजार रुपये नकद गायब मिले।

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इधर घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इलाके में रात के समय पुलिस गश्ती नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top