“नारी शक्ति वंदन अधिनियम” पर रालोजपा का समर्थन, झारखंड सरकार पर जमकर बरसे राजकुमार राज
डीजे न्यूज, बोकारो : राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने केंद्र सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
राजकुमार राज ने कहा कि इस अधिनियम का विरोध करने वाले लोग महिलाओं के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के खिलाफ हैं। उनके अनुसार यह कानून समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा।
इस दौरान उन्होंने झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमजोर नेतृत्व के कारण प्रदेश की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अपराध के मामले बढ़ रहे हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने में पूरी तरह असफल रही है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
वहीं पश्चिम बंगाल में पार्टी की रणनीति को लेकर उन्होंने बताया कि रालोजपा इस बार 40 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी और एनडीए सरकार के गठन में अहम भूमिका निभाएगी।
अंत में राजकुमार राज ने कहा कि रालोजपा विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में जनता की आवाज को और मजबूती से उठाती रहेगी।