अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत मॉक ड्रिल से लोगों को किया जागरूक
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गृह रक्षा वाहिनी एवं झारखंड अग्निशमन सेवा के संयुक्त तत्वावधान में गिरिडीह जिले में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक “अग्निशमन सेवा सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आमजनों को आगजनी की घटनाओं के प्रति जागरूक करना, बचाव के उपाय बताना तथा आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए प्रशिक्षित करना है।
इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा सरकारी कार्यालयों, बाजारों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर लोगों को अग्निशमन यंत्रों के उपयोग और उनके महत्व की जानकारी दी जा रही है।
अग्निशमन पदाधिकारी रवि रंजन ने बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए हर व्यक्ति को आग से बचाव के बुनियादी उपायों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। इसी कड़ी में मॉक ड्रिल (प्रायोगिक अभ्यास) का आयोजन कर लोगों को यह सिखाया जा रहा है कि आग लगने की स्थिति में सुरक्षित तरीके से बाहर कैसे निकलें, घायलों को प्राथमिक उपचार कैसे दें और अग्निशमन विभाग को समय पर सूचना कैसे पहुंचाएं।
उत्सव उपवन में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान लोगों को आग से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। साथ ही उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पदाधिकारियों को अग्निशमन सेवा सप्ताह से संबंधित बैच और पंपलेट वितरित किए गए। 17 अप्रैल को समाहरणालय परिसर में भी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
अभियान के तहत लोगों को घरेलू और दैनिक जीवन में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। इसमें गैस सिलेंडर का सुरक्षित उपयोग, बिजली के उपकरणों की नियमित जांच, ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखना और बच्चों को आग से दूर रखने जैसे महत्वपूर्ण उपाय शामिल हैं।
अग्निशमन विभाग ने आमजनों से अपील की है कि वे इस जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने आसपास के लोगों को भी आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें। विभाग का मानना है कि सामूहिक प्रयास और सतर्कता से ही अग्निकांड की घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।