माले के बालमुकुंद फैक्ट्री आंदोलन को फॉरवर्ड ब्लॉक ने दिया समर्थन

Advertisements

माले के बालमुकुंद फैक्ट्री आंदोलन को फॉरवर्ड ब्लॉक ने दिया समर्थन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ असंगठित मजदूर मोर्चा और भाकपा माले द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए जिला प्रशासन से मजदूरों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

संगठन के जिला संयोजक एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने कहा कि फैक्ट्री द्वारा कुछ मजदूरों की कथित रूप से मनमानी छंटनी किए जाने के विरोध में कई महीनों से आंदोलन जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में मजदूरों के अधिकारों का लगातार उल्लंघन हो रहा है तथा स्थानीय मजदूरों को पर्याप्त रोजगार भी नहीं दिया जा रहा है। साथ ही, फैक्ट्री पर प्रदूषण फैलाकर आसपास के जनजीवन को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया।

राजेश यादव ने कहा कि मामले की पूरी जानकारी होने के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से अब तक ऐसी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे प्रभावित मजदूरों को न्याय मिल सके। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर मजदूर विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि मजदूरों और आम लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। इसके लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने की जरूरत है, ताकि श्रमिक अपने हितों की रक्षा के लिए संगठित होकर आवाज उठा सकें।

फॉरवर्ड ब्लॉक नेता ने जिला प्रशासन द्वारा आंदोलन के बाद जांच के लिए समिति गठित करने और कार्रवाई का भरोसा दिए जाने का स्वागत किया। हालांकि उन्होंने कहा कि समिति की रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई निष्पक्ष एवं प्रभावी होनी चाहिए। यदि मजदूरों की मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।

उन्होंने आंदोलनकारियों की सभी मांगों को जायज बताते हुए प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपील की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top