अब गांव के बच्चों को मिलेगी राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा
केंद्रीय विद्यालय के शुभारंभ से बदलेगी क्षेत्र की शैक्षणिक तस्वीर : केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी…
केंद्रीय विद्यालय की स्थापना एक अत्यंत सराहनीय एवं ऐतिहासिक पहल है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नई शुरुआत है:- उपायुक्त रामनिवास यादव…
डीजे न्यूज, गिरिडीह : धनवार प्रखंड के विद्यार्थियों के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब केंद्रीय विद्यालय धनवार के संचालन का विधिवत शुभारंभ किया गया। केंद्रीय मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी और उपायुक्त रामनिवास यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर विद्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत समारोह का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अतिथियों ने नवप्रवेशित छात्रों का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय के शुरू होने से धनवार और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर अवसर मिलेंगे। इससे छात्रों को बेहतर शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि धनवार में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विद्यालय का संचालन अस्थायी व्यवस्था के तहत शुरू किया गया है, जबकि अगले दो वर्षों में इसका आधुनिक और स्थायी भवन तैयार हो जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित होगी तथा विद्यार्थियों को सभी आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विकास का सबसे मजबूत आधार है और केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता साबित करने का बेहतर मंच मिलेगा। विद्यालय के शुभारंभ से क्षेत्र में शिक्षा के नए युग की शुरुआत हुई है, जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी मिलेगा।