अवैध पार्किंग के खिलाफ चलाया विशेष जांच अभियान
45 वाहनों से वसूला ₹3 लाख जुर्माना
डीजे न्यूज, धनबाद: सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर जाम और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से धनबाद जिला अंतर्गत नेशनल हाईवे टास्क फोर्स की टीम ने शनिवार को व्यापक जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध और अनधिकृत रूप से खड़े किए गए वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े पाए गए कुल 45 वाहनों का चालान काटा गया और कुल ₹3,00,000 (तीन लाख रुपये) का जुर्माना किया गया।
कार्रवाई के साथ-साथ सड़क सुरक्षा टीम द्वारा एक विशेष जागरूकता सत्र भी चलाया गया। टीम ने मौके पर वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को सड़क पर गाड़ी खड़ी न करने की सख्त हिदायत दी। चालकों को समझाया गया कि हाईवे पर अनुचित तरीके से खड़े वाहन रात के समय अथवा तेज रफ्तार के दौरान गंभीर दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बनते हैं। सभी को निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुचारू आवागमन और आम नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क किनारे अवैध पार्किंग के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियम उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नेशनल हाईवे टास्क फोर्स में जिला परिवहन कार्यालय, ट्रैफिक पुलिस तथा एनएचएआई की टीम शामिल रही।