वार्ड छह में पांच दिनों से जल संकट, नगर निगम पर लापरवाही का आरोप

वार्ड छह में पांच दिनों से जल संकट, नगर निगम पर लापरवाही का आरोप

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह नगर निगम के वार्ड संख्या 06 के विभिन्न मोहल्लों में पिछले करीब पांच दिनों से जलापूर्ति बाधित रहने के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में पानी की समस्या से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

वार्ड पार्षद संजीव कुमार ने नगर निगम एवं बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पावर बैकअप हेतु डीजी (जनरेटर) खरीदने का प्रस्ताव नगर निगम बोर्ड की बैठक में पारित किया जा चुका है। इसके बावजूद लगभग तीन महीने बीत जाने के बाद भी जनरेटर की खरीद नहीं होना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि जब जलापूर्ति बाधित होती है तो विभाग की ओर से कभी बिजली की समस्या तो कभी वोल्टेज फ्लक्चुएशन को कारण बताया जाता है। यदि बिजली एवं वोल्टेज की समस्या पहले से सामने थी, तो बोर्ड द्वारा डीजी खरीद का प्रस्ताव पारित होने के बावजूद अब तक जनरेटर क्यों नहीं खरीदा गया?

पार्षद संजीव कुमार ने कहा कि जलापूर्ति जैसी आवश्यक सेवा को किसी भी स्थिति में बिजली की अनिश्चितता के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। डीजी की खरीद में हो रही देरी के कारण आम जनता को पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है।

उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि वार्ड 06 में तत्काल नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, बिजली एवं वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा बोर्ड से पारित डीजी खरीद के प्रस्ताव पर अविलंब कार्रवाई करते हुए पावर बैकअप की व्यवस्था की जाए।

संजीव कुमार ने स्पष्ट कहा कि जनता को पानी उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top