सीनियर डीसीएम ने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण
डीजे न्यूज, धनबाद:
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक मनीष सौरभ ने मंगलवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण भीड़ प्रबंधन (Crowd Management) के दृष्टिकोण से किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पैसेंजर होल्डिंग एरिया एवं सहयोग काउंटर का जायजा लिया तथा वहां तैनात कर्मचारियों को यात्रियों की सुविधा एवं भीड़ के सुव्यवस्थित प्रबंधन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त यात्री प्रतीक्षालय में उपलब्ध सुविधाओं, प्लेटफॉर्मों पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) एवं मोबाइल यूटीएस (M-UTS) की कार्यशीलता की जांच की गई। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को यात्री सुविधाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने तथा स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सहायता एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से उपलब्ध ‘May I Help You’ काउंटर एवं प्राथमिक उपचार केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा यात्रियों को प्रदान की जा रही सहायता का जायजा लिया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को समय पर उचित मार्गदर्शन एवं प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान यात्रियों के सामान की जांच एवं सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि कोई भी यात्री अपने सामान में ज्वलनशील पदार्थ, पटाखे अथवा अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं लेकर यात्रा न करे। इसका उद्देश्य रेल परिसर एवं ट्रेनों में आगजनी जैसी घटनाओं की आशंका को रोकना तथा यात्रियों एवं रेल संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य धनबाद स्टेशन पर भीड़ का प्रभावी प्रबंधन करते हुए यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, स्टेशन की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करना तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की रोकथाम सुनिश्चित करना था।