टुंडी के कदमाहरा छठ तालाब का बीडीओ-सीओ ने किया निरीक्षण
गहराई और गंदगी पर जताई चिंता, बैरिकेडिंग व साफ-सफाई का दिया निर्देश, एक साल बाद भी नहीं बनी सीढ़ी घाट
डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर टुंडी मुख्यालय स्थित कदमाहरा छठ तालाब का मंगलवार को टुंडी बीडीओ विशाल कुमार पांडे एवं सीओ सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में तालाब की अत्यधिक गहराई व गंदगी को लेकर चिंता जताई। मौके से ही उन्होंने संवेदक को तालाब की साफ-सफाई तथा बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया। जबकि स्थानीय लोगों से भी सहयोग करने की अपील की।
विदित हो कि कदमाहरा तालाब का गहरीकरण कार्य किया गया है, जिसमें संवेदक की अनदेखी के कारण तालाब की गहराई सीधे लगभग 5 फीट कर दी गई है, जिससे अनहोनी की शंका बनी रहती है। जबकि तालाब गहरीकरण के साथ किए जाने वाला सीढ़ी निर्माण कार्य भी पूरा नहीं किया गया है।
1 वर्ष पूर्व शिलान्यास के बावजूद नहीं बना सीढ़ी घाट
कदमाहरा छठ तालाब का जिला परिषद फंड से होने वाले सीढ़ी घाट निर्माण को लेकर करीब 1 वर्ष पूर्व संवेदक के द्वारा शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया था, बावजूद अभी तक सीढ़ी निर्माण का कार्य धरातल पर नहीं उतरा। यह लोगों के बीच काफी चर्चा का विषय है। ग्रामीणों ने इस बात को बीडीओ-सीओ के समक्ष रखा।