लुंबी सर्कुलर रोड की विद्युत सज्जा बनी आकर्षण का केंद्र, हावड़ा ब्रिज और भगवान जगन्नाथ के रथ की दिखेगी झलक
डीजे न्यूज, धनबाद: दुर्गापूजा के अवसर पर धनबाद की लुंबी सर्कुलर रोड की भव्य विद्युत सज्जा एक बार फिर लोगों के आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है। विद्युत सज्जा के लिए खास पहचान रखने वाली लुंबी सर्कुलर रोड दुर्गापूजा कमिटी ने इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की है। यहां हावड़ा ब्रिज और भगवान जगन्नाथ के रथ की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी।
मेयर संजीव सिंह, विधायक अरूप चटर्जी और विधायक चंद्रदेव महतो ने संयुक्त रूप से विद्युत सज्जा का उद्घाटन किया। इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने विद्युत सज्जा की सराहना करते हुए धनबादवासियों से एक बार यहां आकर भव्य नजारा देखने की अपील की।
इस वर्ष लुंबी सर्कुलर रोड दुर्गापूजा कमिटी अपना 100वां वर्ष मना रही है। शताब्दी वर्ष को खास बनाने के लिए कमिटी ने विशेष तैयारियां की हैं। कमिटी के सदस्यों के अनुसार, आकर्षक विद्युत सज्जा के लिए पश्चिम बंगाल के चंदननगर से विशेष लाइटिंग मंगाई गई है। रंग-बिरंगी रोशनी और विभिन्न आकृतियों के माध्यम से बच्चों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
विद्युत सज्जा पर करीब 22 लाख रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि दुर्गापूजा का कुल बजट लगभग 35 लाख रुपये है। कमिटी हर वर्ष श्रद्धालुओं के लिए बेहतर विद्युत सज्जा और आकर्षक रोशनी की व्यवस्था करती है।
मेयर संजीव सिंह ने कमिटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लुंबी सर्कुलर रोड की विद्युत सज्जा धनबाद की दुर्गापूजा की खास पहचान है। उन्होंने लोगों से यहां पहुंचकर आकर्षक लाइटिंग का आनंद लेने की अपील की। इस बार शताब्दी वर्ष के साथ हावड़ा ब्रिज और भगवान जगन्नाथ के रथ की रोशनी लोगों के लिए विशेष आकर्षण बनने की उम्मीद है।