पंजाब में बंधक बनाकर मजदूरों की पिटाई, राजगंज का युवक गंभीर रूप से घायल, एक दर्जन मजदूर अब भी फंसे
डीजे न्यूज, राजगंज, धनबाद : पंजाब में मजदूरी करने गए राजगंज के एक युवक की फैक्ट्री के गुर्गों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल युवक को जख्मी हालत में घर लाया गया है। वहीं, एक दर्जन से अधिक मजदूरों को अब भी बंधक बनाकर रखे जाने की बात सामने आ रही है, जिससे उनके परिजनों में चिंता बनी हुई है।
मरचोकोचा के करीब 21 वर्षीय कार्तिक सिंह के साथ फैक्ट्री के गुर्गों द्वारा मारपीट की गई। जिसमें उसके सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगी है। पिटाई करने के बाद उसे पंजाब स्थित रेलवे प्लेटफॉर्म पर छोड़ दिया गया। जानकारी मिलने के बाद उसका एक साथी वहां पहुंचा और अपने साथ घर ले आया। घायल कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है। लोगों को देखकर सहम जाता है। अपने पैर पर ठीक से खड़ा नहीं हो पा रहा है। गंभीर हालत को देखकर परिवार वालों ने उसे नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।
घायल के भाई चंदू सिंह ने बताया कि दिवाली के दो दिन पूर्व दलाल ग्रामीण युवकों को रोजगार का झांसा दिलाकर पंजाब स्थित एक रईस फैक्ट्री ले गया। बताया कि वहां सभी का मोबाइल फोन छीन लिया गया और दैनिक मजदूरी में लगा दिया गया। काम करने के दौरान कार्तिक की तबियत खराब हो गई। लाचार अवस्था में एक कमरे में बंद कर मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मरचोकोचा, लक्ष्मणपुर, महतो टांड गांव के दर्जन से अधिक ग्रामीण पंजाब मजदूरी के लिए गए हैं। जिसमें 35 वर्षीय संतोष सिंह, 20 वर्षीय लक्ष्मण सोरेन, 20 वर्षीय सूरज हंसदा, 22 वर्षीय दुर्गा मुर्मू, राहुल बास्की, तुलसी सिंह, करमा मोहली, रामलाल, बाहा सोरेन आदि शामिल हैं। मारपीट की घटना के बाद बाहर गए स्वजनों के परिजन चिंता की हालत में हैं। ग्रामीणों के अनुसार किसी से संपर्क नहीं हो पा रहा है।