सौ साल की गौरवगाथा को उत्सव के रूप में मनाएगा आईआईटी धनबाद, 1 दिसंबर से 21 दिवसीय कार्निवल

सौ साल की गौरवगाथा को उत्सव के रूप में मनाएगा आईआईटी धनबाद, 1 दिसंबर से 21 दिवसीय कार्निवल

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे रीन्यू के सीईओ सुमंत सिन्हा, शाम को पलक मुच्छल की लाइव प्रस्तुति; 9 दिसंबर को मनाया जाएगा 100वां स्थापना दिवस

डीजे न्यूज, धनबाद : आईआईटी (आईएसएम) धनबाद अपने गौरवशाली 100 वर्षों के सफर को यादगार बनाने के लिए 1 दिसंबर से 21 दिवसीय सेंटेनरी कार्निवल 2026 का आयोजन करेगा। 1 से 21 दिसंबर तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में शैक्षणिक उपलब्धियों, तकनीकी नवाचार, शोध, खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और संस्थान की ऐतिहासिक विरासत का संगम देखने को मिलेगा।

कार्निवल का उद्घाटन 1 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे पेनमैन ऑडिटोरियम में होगा। समारोह में रीन्यू के संस्थापक, चेयरमैन एवं सीईओ सुमंत सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उद्घाटन के बाद सुबह करीब 11:30 बजे वे मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। वहीं, उद्घाटन दिवस की शाम 7:30 बजे जिमखाना ग्राउंड में बॉलीवुड की मशहूर गायिका पलक मुच्छल लाइव प्रस्तुति देंगी।

### देश-दुनिया की हस्तियों को मिलेगा शताब्दी सम्मान

कार्निवल के दौरान विज्ञान, तकनीक, उद्योग, शिक्षा, उद्यमिता और नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को शताब्दी सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। संस्थान सेंटेनरी लेक्चर सीरीज के जरिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और प्रतिष्ठित हस्तियों को विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं फैकल्टी के बीच अपने अनुभव साझा करने का अवसर देगा।

### पांच हजार स्कूली बच्चों को मिलेगी संस्थान की झलक

आयोजन के दौरान करीब पांच हजार स्कूली विद्यार्थियों के संस्थान परिसर पहुंचने की संभावना है। बच्चों को लैबोरेटरी, वर्कशॉप, म्यूजियम और अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं से रूबरू कराया जाएगा। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी में विज्ञान, तकनीक, शोध और नवाचार के प्रति रुचि विकसित करना है।

संस्थान के विभिन्न विभाग एवं केंद्र अपनी शोध परियोजनाओं, नई तकनीकों, उपकरणों और वैज्ञानिक उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी लगाएंगे। इसमें समाज और उद्योग की चुनौतियों के समाधान के लिए किए जा रहे शोध कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।

### 9 दिसंबर को ऐतिहासिक शताब्दी समारोह

9 दिसंबर को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद का 100वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशेष समारोह, पुरस्कार वितरण, सम्मान समारोह और शताब्दी वर्ष से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं होंगी। इसके साथ ही रिसर्च एंड डेवलपमेंट, कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी, स्टार्टअप और एलुमनी से जुड़े कॉन्क्लेव भी आयोजित किए जाएंगे।

### इंटर आईआईटी स्पोर्ट्स मीट में जुटेंगे खिलाड़ी

कार्निवल का खेल आकर्षण 14 से 21 दिसंबर तक आयोजित होने वाला इंटर आईआईटी स्पोर्ट्स मीट होगा। इसमें देश के विभिन्न आईआईटी के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिभा प्रदर्शन के साथ विभिन्न संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा एवं आपसी सहयोग का अवसर मिलेगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बॉलीवुड संगीत, क्षेत्रीय सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुति, शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य, विद्यार्थियों के कार्यक्रम, हास्य कवि सम्मेलन और थिएटर शो शामिल होंगे।

### भविष्य की तकनीकी जरूरतों पर भी फोकस

संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा कि सेंटेनरी कार्निवल संस्थान की एक सदी की उपलब्धियों को याद करने और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस ऐतिहासिक यात्रा में विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं, एलुमनी और कर्मचारियों की कई पीढ़ियों का योगदान रहा है।

उन्होंने कहा कि संस्थान अपनी विरासत को सम्मान देने के साथ शोध, तकनीकी नवाचार और देश की उभरती जरूरतों में अपनी भूमिका को और मजबूत करना चाहता है।

माइनिंग एजुकेशन के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान के साथ शुरुआत करने वाला आईआईटी (आईएसएम) धनबाद आज बहुविषयक संस्थान के रूप में विकसित हो चुका है। क्रिटिकल मिनरल्स, माइनिंग 4.0, सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों में संस्थान की बढ़ती सक्रियता तकनीकी आत्मनिर्भरता और देश के विकास में योगदान देने की दिशा को दर्शाती है।

सेंटेनरी कार्निवल के जरिए संस्थान न केवल अपनी उपलब्धियों का जश्न मनाएगा, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए नए लक्ष्य, शोध की संभावनाएं और तकनीकी विकास में अपनी भूमिका भी सामने रखेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top