इंटरनेट दोस्ती बनी ब्लैकमेलिंग का जाल, महिला से ऐंठे 32 लाख, अब मांग रहे 10 लाख, दो गिरफ्तार

इंटरनेट दोस्ती बनी ब्लैकमेलिंग का जाल, महिला से ऐंठे 32 लाख, अब मांग रहे 10 लाख, दो गिरफ्तार
डीजे न्यूज, धनबाद : इंटरनेट मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर एक महिला को कथित रूप से साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग के जाल में फंसाने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि आरोपितों ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर अब तक 32 लाख 500 रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा करा लिए हैं। इसके बावजूद आरोपितों की मांग बंद नहीं हुई। अब वे 10 लाख रुपये और मांग रहे हैं। पैसे नहीं देने पर तस्वीरें सार्वजनिक करने और परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जा रही है।
इस मामले में महिला की शिकायत पर लक्ष्य पाण्डेय, रवि कुमार सिंह पिता अशोक सिंह पता- बरट्टा पोस्ट अमरथ थाना जमुई (बिहार), देवनंदन कुमार पिता जनार्दन महतो पता शर्मा गाँव थाना लखीसराय जिला लखीसराय (बिहार), राउफ खान पता कंकरबाग बस स्टैण्ड के बगल में, नितिश कुमार पिता कागेश्वर थाना खैरा जिला जमुई (बिहार) और अशोक पाण्डेय के खिलाफ धनबाद थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। जिनमें से रवि और देवनंदन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शिकायत में महिला ने बताया है कि बदनामी के डर से वह अलग-अलग बैंक खातों में यूपीआई और सीडीएम (कैश डिपॉजिट मशीन) के माध्यम से कुल 32 लाख 500 रुपये जमा कर चुकी हैं। इसके बाद भी 20 नवंबर को आरोपित ने दो लाख रुपये की मांग की। महिला का आरोप है कि लगातार मानसिक दबाव बनाकर उनसे और पैसे ऐंठने की कोशिश की जा रही है। महिला का आरोप है कि उन्हें डरा-धमकाकर जान मारने की धमकी देते हुए अब तक बत्तीस लाख रुपया ले लेने एवं 10,00,000 रुपये अतिरिक्त देने का दबाव दिया जा रहा है।
महिला के अनुसार, 28 नवंबर को भी 10 लाख रुपये की मांग की गई। इसके बाद वह अपने भाई के साथ रांची के बताए गए स्थान पर रुपये देने पहुंचीं। वहां दो युवक मिले, जिन्होंने पैसे लेने की बात कही। बातचीत के दौरान उन्होंने अपना नाम रवि कुमार सिंह और देवनंदन कुमार बताया। महिला की शिकायत के अनुसार, इस दौरान अन्य आरोपितों के नाम भी सामने आए। दोनों उन्हें धनबाद लेकर पहुंचे। जहां दोनों युवकों को पकड़कर धनबाद थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
महिला ने पुलिस से आरोपितों के बैंक खातों की जांच करने, पूरे नेटवर्क का पता लगाने और धमकी देकर रुपये वसूलने में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह और उनका परिवार मानसिक तनाव में है। अब उन्हें बेटी और परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर भी चिंता सता रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top