डांडिया नाइट 3.0 में मची धूम, गरबा और डांडिया की थाप पर झूमे लोग
खुले आसमान के नीचे भक्ति, संगीत और उत्साह का दिखा अनूठा संगम
डीजे न्यूज, धनबाद: शारदीय नवरात्र के अवसर पर सरायढेला स्थित वेस्टसाइड मॉल के चौथे तल्ले पर लेवल अप टर्फ एंड कैफे की ओर से डांडिया नाइट 3.0 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान भक्ति, उत्साह और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे लोगों ने मां दुर्गा की आराधना के साथ डांडिया और गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों से माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। खुले आसमान के नीचे डीजे की धुन और मां दुर्गा के भक्ति गीतों पर लोगों ने जमकर डांडिया खेला और देर तक थिरकते रहे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि नवरात्र केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, नारी शक्ति और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और पारिवारिक जुड़ाव को बढ़ावा देते हैं।
आयोजक तनुज पोद्दार ने अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत करते हुए कहा कि लेवल अप टर्फ एंड कैफे की ओर से आयोजित यह तीसरा डांडिया नाइट कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य लोगों को मनोरंजन के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि लेवल अप व्यावसायिक गतिविधियों के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए गए थे, जहां लोगों ने तस्वीरें लेकर यादगार पलों को संजोया। वहीं, बेहतरीन डांडिया प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राधा कृष्ण ज्वैलरी के तरफ से विशेष उपहार पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में शामिल लोगों ने सात्विक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद उठाया। संगीत, नृत्य और उत्सव के रंगों से सजी इस शाम ने लोगों को नवरात्र का यादगार अनुभव दिया। डांडिया नाइट को सफल बनाने में आयोजक पियूष सतनालिका, तनुज पोद्दार मोहित पोद्दार का महत्वपूर्ण भूमिका रही।