कतरास व राजगंज की खबरें:-
एसआइआर और अवैध खनन के खिलाफ भाकपा-माले का प्रतिवाद सभा
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
भाकपा-माले एवं आयसा के कार्यकर्ताओं ने रविवार को कतरास थाना चौक पर प्रतिवाद सभा आयोजित कर विभिन्न जनसमस्याओं के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो, एसआइआर, देश बचाओ-कतरास बचाओ और अवैध खनन बंद करो आदि नारे लगाए।
आयसा की राज्य उपाध्यक्ष स्नेहा महतो ने कहा कि देश आज विपरीत दिशा में जा रहा है और ऐसे समय में नई क्रांति की जरूरत है। उन्होंने SIR को रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि देश को बचाने के लिए आम लोगों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि कतरास से लेकर पूरे देश में आम लोगों के बीच चिंता का माहौल है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार को गंभीर कदम उठाने की जरूरत है।
वक्ताओं ने कतरास क्षेत्र में कथित अवैध खनन समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भी आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन को आगे भी तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार, सीएमडब्लूयू के रामेश्वर साव, रितेश कुमार मिश्रा, अभिषेक सिंह, दिवाकर महतो, सुनील महतो, रॉबिन महतो, लव रवानी, कपूर पंडित, चेतू दास, महादेव साव, आकाशदीप महतो, पप्पू सिंह आदि मौजूद थे।
————————————————
बांसजोड़ा बस्ती में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर
कतरास:
बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने रविवार को बांसजोड़ा पंचायत अंतर्गत बांसजोड़ा बस्ती में 63 केवीए के नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया। इस गांव में पहले से 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था, जो आबादी के हिसाब से कम पड़ रहा था। इससे आए दिन लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती थी। नए ट्रांसफार्मर के लगने से बस्ती के लोगों को बिजली की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी।
मौके पर राजा लाला, दिलीप विश्वकर्मा, विक्की रवानी, मनोज महतो, नेपाल रवानी, भोला चौहान सहित दर्जनों ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित थे।
———————————————–
अवैध उत्खनन के खिलाफ भीम आर्मी ने निकाला विरोध मार्च
कतरास:
भीम आर्मी के बैनर तले रविवार को विरोध मार्च निकाला गया। मार्च गुहीबांध बस स्टैंड से कतरास थाना चौक तक निकाला गया। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोग भी शामिल हुए।
मार्च के दौरान अवैध उत्खनन पर रोक लगाने तथा क्षेत्र में बढ़ती अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। वार्ड नंबर 5 की पार्षद निरुपमा देवी भी मौके पर मौजूद रहीं और आंदोलन का समर्थन किया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि कोयलांचल क्षेत्र में अवैध उत्खनन से लोगों की सुरक्षा, पर्यावरण और स्थानीय जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से अवैध उत्खनन पर प्रभावी रोक लगाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
कार्यक्रम में खिरोधर रविदास, राजेश कुमार, संजय कुमार, मनोज दास, बलराम, पंकज कुमार, अजय कुमार, संजय दास, सुरेश कुमार, भीम रविदास, गोपाल बावरी, चंद्र रविदास, गणेश बाउरी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
————————————————-
नवयुवक एकता संघ ने कराया वार्षिक रोड रेस, युवाओं ने दिखाया दमखम
राजगंज: नवयुवक एकता संघ, राजगंज के तत्वावधान में रविवार को आरबीबी हाई स्कूल, राजगंज के मैदान में वार्षिक रोड रेस एवं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उद्घाटन सांसद प्रतिनिधि गिरधारी महतो, गौतम महतो, प्राचार्य प्रमोद कुमार चौरसिया, डॉ. दिलीप तथा राजगंज मुखिया बन्दना चौरसिया ने संयुक्त रूप से किया।
आयोजन के तहत बालकों के लिए पांच किलोमीटर रोड रेस काको पेट्रोल पंप से शुरू होकर राजगंज हाई स्कूल पहुंची। वहीं बालिकाओं की तीन किलोमीटर रोड रेस धारकिरो मोड़ से शुरू होकर राजगंज हाई स्कूल में समाप्त हुई।
पांच किलोमीटर बालक रोड रेस में रांची के पवन सिंह ने प्रथम, आसनसोल के फहीम ने द्वितीय तथा रांची के जानकी कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं तीन किलोमीटर बालिका रोड रेस में रांची की ममता कुमारी प्रथम, चंदनकियारी की हीरा सिंह द्वितीय तथा डिगवाडीह की मोनिका कुमारी तृतीय रहीं।
आयोजन में पांच व तीन किलोमीटर रोड रेस के अलावा 100 मीटर, 400 मीटर, 1500 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप और शॉटपुट सहित बालक-बालिकाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार व मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नवयुवक एकता संघ के सदस्य अशोक, आकाश, अमित, शुभम, राजीव, नितेश, अभिषेक और विवेक सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।