गिरिडीह स्टेशन पर फटे तिरंगे पर सवाल, रेलवे बोर्ड तक पहुंची शिकायत
डीजे न्यूज, गिरिडीह : पुराने गिरिडीह रेलवे स्टेशन परिसर में क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने का मामला अब रेलवे बोर्ड तक पहुंच गया है। सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल ने रेलवे बोर्ड में शिकायत दर्ज कराकर फटे तिरंगे को तत्काल सम्मानपूर्वक उतारने और उसके स्थान पर नया राष्ट्रीय ध्वज लगाने की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि स्टेशन परिसर में लगा राष्ट्रीय ध्वज क्षतिग्रस्त और फटा हुआ दिखाई दे रहा है। खंडेलवाल ने इसे राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए भारतीय ध्वज संहिता, 2002 तथा राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 के प्रावधानों का उल्लेख किया है।
उन्होंने रेलवे प्रशासन से मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर निर्धारित मानकों के अनुरूप नया तिरंगा लगाने की मांग की है। शिकायत को रेलवे बोर्ड के स्तर पर दर्ज करते हुए ईस्टर्न रेलवे, आसनसोल/डीआरएम आसनसोल से संबंधित किया गया है।
खंडेलवाल ने कहा कि तिरंगा महज कपड़ा नहीं, बल्कि देश की संप्रभुता, एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक है। ऐसे में सार्वजनिक स्थलों पर उसकी गरिमा और सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।