कतरास के कटहल धौड़ा में अवैध कोयला खनन के खिलाफ कार्रवाई

कतरास के कटहल धौड़ा में अवैध कोयला खनन के खिलाफ कार्रवाई

बुलडोजर से मुहानों को किया बंद, मौके से भागे धंधेबाज

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): पुलिस, सीआईएसएफ और बीसीसीएल प्रबंधन की संयुक्त टीम ने सोमवार को कतरास थाना क्षेत्र के कटहल धौड़ा में अवैध कोयला खनन के खिलाफ कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से धंधेबाजों में हड़कंप मच गया और वे मौके से भाग खड़े हुए। कार्रवाई के दौरान भारी मशीन और बुलडोजर का इस्तेमाल कर अवैध खनन के मुख्य मुहानों को मिट्टी और मलबे से भरकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। ये मुहाने न सिर्फ सरकारी राजस्व को भारी चुना लगा रहे थे, बल्कि स्थानीय निवासियों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहे थे। मुहानों के बंद होने से इलाके के लोगों ने बड़ी राहत की सांस ली है, क्योंकि आए दिन यहाँ बड़े हादसों का खतरा मंडराता रहता था।
​इस कार्रवाई के बाद स्थानीय वार्ड पार्षद निरुपमा देवी ने सीआईएसएफ डीआईजी समेत प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल एक दिन की सांकेतिक कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। उन्होंने अधिकारियों से माँग की कि मुहानों को केवल ढकने के बजाय जमीन को पूरी तरह समतल किया जाए, ताकि भविष्य में यहाँ दोबारा सुरंग न खोदी जा सके। पार्षद ने यह सुझाव भी दिया कि इस खाली पड़ी सुरक्षित जमीन पर बच्चों के लिए खेल का मैदान विकसित किया जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को एक स्वस्थ और सकारात्मक माहौल मिल सके।
​क्षेत्र के आम नागरिकों ने भी प्रशासन से इस अभियान को निरंतर जारी रखने की अपील की है। लोगों का कहना है कि यह कार्रवाई किसी एक दिन की खानापूर्ति बनकर न रह जाए, बल्कि अवैध खनन के खिलाफ यह बुलडोजर अभियान लगातार चलना चाहिए और बंद किए गए स्थानों की नियमित रूप से निगरानी की जानी चाहिए ताकि माफिया दोबारा अपने पैर न पसार सकें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top