कोयला लदे हाइवा ने बाइक को मारी टक्कर, बेटे की आंखों के सामने मां की मौत
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : झरिया थाना क्षेत्र के सिंह नगर में मंगलवार की रात एक कोयला लोड हाइवा की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने झरिया-केंदुआ मुख्य मार्ग को जाम कर मुआवजे की मांग पर अड़ गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार बलियापुर निवासी एक युवक अपनी मां को मोटरसाइकिल पर बैठाकर केंदुआ की ओर जा रहा था। तभी सिंह नगर में सामने से आ रहे कोयला लोड हाइवा ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर से महिला सड़क पर गिर गई और हाइवा का आगे का चक्का महिला के ऊपर चढ़ गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सड़क जाम के बाद पुलिस को करना पड़ा विरोध का सामना:
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने झरिया-केंदुआ सड़क मार्ग जाम कर दिया और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग करने लगे। पुलिस जब शव उठाने पहुंची तो लोगों ने विरोध किया। काफी देर तक मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी दुर्घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंह नगर में पहले भी भारी वाहनों की वजह से कई बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उस समय भी कोयला लोड वाहनों पर रोक लगाने की मांग उठी थी, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम नहीं उठाए गए।खबर लिखे जाने तक
पुलिस जाम हटवाने और स्थिति सामान्य करने की प्रयास कर रही है।