कॉमरेड गुरुचरण शर्मा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, मजदूर हितों के लिए संघर्ष को किया याद
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : रंगमाटी सिंदरी में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) एवं बीसीकेयू के वरिष्ठ दिवंगत नेता कॉमरेड गुरुचरण शर्मा की आठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उनके जीवन, संघर्ष और मजदूर हितों के लिए किए गए योगदान को याद किया गया।
श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता सीपीएम सिंदरी शाखा सचिव सूर्य कुमार सिंह ने की। सभा को संबोधित करते हुए सीपीएम के जिला सचिव विकास कुमार ठाकुर ने कहा कि कॉमरेड गुरुचरण शर्मा ने अपना पूरा जीवन मजदूर वर्ग की बेहतरी के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने 1984 के सिख दंगों को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके अधूरे कार्यों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
शाखा सचिव सूर्य कुमार सिंह ने कहा कि कॉमरेड शर्मा ने सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया। उनके द्वारा शुरू किए गए कार्यों को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्चा सम्मान देना होगा।
सभा को ज्ञान विज्ञान समिति की वरिष्ठ नेत्री शर्मिष्ठा सेनगुप्ता, जनवादी महिला समिति (एडवा) की सिंदरी नगर अध्यक्ष सविता देवी, शिबू राय, आनंद कुमार और सुरेंद्र पांडेय सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कॉमरेड गुरुचरण शर्मा के मजदूर हितैषी कार्यों और सामाजिक योगदान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।