कांग्रेस नेता नरेंद्र सिन्हा की पुण्यतिथि पर 30 यूनिट रक्त संग्रह

कांग्रेस नेता नरेंद्र सिन्हा की पुण्यतिथि पर 30 यूनिट रक्त संग्रह

पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेता को दी गई श्रद्धांजलि 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : समाजसेवी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय नरेंद्र सिन्हा छोटन की छठी पुण्यतिथि पर सोमवार को नरेंद्र सिन्हा मेमोरियल फाउंडेशन के तत्वावधान में बरमसिया स्थित नरेंद्र सिन्हा चिल्ड्रेन पार्क में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कुल 30 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। जिसे जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय नरेंद्र सिन्हा के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि से हुई। उपस्थित लोगों ने 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सेवा-भाव को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय नरेंद्र सिन्हा जनसेवा की मिसाल थे। कोरोना काल में उन्होंने अपने संसाधनों से महीनों तक गरीबों के लिए भोजन की व्यवस्था की और फंसे प्रवासी मजदूरों की घर वापसी में मदद की। उनका जीवन करुणा और मानवता का प्रतीक था। फाउंडेशन के संयोजक अजय कुमार सिन्हा, अंजनी सिन्हा और सचिव विकास सिन्हा ने सभी रक्तदाताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जीवनदान है और फाउंडेशन हर साल जयंती-पुण्यतिथि पर जनसेवा के कार्यक्रम करता रहेगा।

कार्यक्रम में नगर निगम के उप महापौर सुमित कुमार, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष दिनेश यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश सहाय सहित अधिवक्ता, पार्षद और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top