विविध खबरें:-

विविध खबरें:-

सीनियर फुटबॉल लीग: प्रो एक्सीलेंस ने राइजिंग स्टार को 4-0 से दी करारी शिकस्त

डीजे न्यूज, धनबाद:  जिला फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित शांति गोपाल दा सीनियर फुटबॉल लीग के मुकाबले में प्रो एक्सीलेंस क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राइजिंग स्टार क्लब को 4-0 से पराजित किया। पूरे मैच में प्रो एक्सीलेंस के खिलाड़ियों का दबदबा रहा और टीम ने चार गोल दागकर एकतरफा जीत दर्ज की।
प्रो एक्सीलेंस की ओर से राम हांसदा ने मैच के 23वें मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद सुनील कुमार ने 55वें मिनट में दूसरा गोल किया। मेरुलाल सोरेन ने 85वें मिनट में तीसरा गोल दागा, जबकि चंदन मरांडी ने 90वें मिनट में चौथा गोल कर टीम की जीत पक्की कर दी।
मैच में निर्णायक की भूमिका संजय हेंब्रम, रवि लाल हेंब्रम, पूजा कुमारी और जेवियर टुडू ने निभाई।
———————————————–

हिंदी दिवस समारोह में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

कतरास (धनबाद) : संकल्प एजुकेशन, अंगारपथरा में रविवार को राष्ट्रीय हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर हिंदी दिवस समारोह का आयोजन जय धरती मां फाउंडेशन के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ  जय धरती मां फाउंडेशन के संस्थापक रवि कुमार निषाद, इंडियन नोबेल स्कूल के प्राचार्य गौतम चौरसिया, संकल्प एजुकेशन के निदेशक सहदेव महतो, प्रबंध निदेशक मनोरमा देवी, गांधी स्मारक उच्च विद्यालय के शिक्षक विनोद कुमार दास एवं कुणाल कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
वक्ताओं ने कहा कि भारत में प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य हिंदी के प्रचार-प्रसार, संवर्धन तथा प्रशासनिक एवं दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग को प्रोत्साहित करना है। हिंदी हमारी संस्कृति, भावनाओं और अभिव्यक्ति से जुड़ी भाषा है। विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति रुचि विकसित करने के साथ इसके समृद्ध साहित्य और विरासत से भी परिचित होना चाहिए।
समारोह के दौरान हिंदी पांडुलिपि लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के समूह ‘क’ में अंजना कुमारी, रुद्रवीर कुमार, विदयानी कुमारी, आराध्या चरण शर्मा, तनय राज, मिस्टी चौहान एवं कृतिका साहनी ने बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं समूह ‘ख’ में आलोक महतो, आदित्य राज, शिवन्या कुमारी, आरोही कुमारी, रिया कुमारी एवं अंबा कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम छह स्थानों में जगह बनाई। संस्था की ओर से सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top