जरूरतमंदों के लिए न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध होगी क्षत्रिय समाज की नवनिर्मित धर्मशाला
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह कॉलेज के समीप शंकरचक में क्षत्रिय कल्याण समाज ट्रस्ट द्वारा नवनिर्मित धर्मशाला का विधिवत उद्घाटन बुधवार को समारोहपूर्वक किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि चतरा के पूर्व सांसद सुनील कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि महापौर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार समेत समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। सभी अतिथियों को बुके एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान धर्मशाला निर्माण में आर्थिक, मानसिक एवं शारीरिक रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया गया।
समारोह में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया गया। बताया गया कि धर्मशाला निर्माण की शुरुआत में मंत्री की ओर से 11 लाख रुपये का सहयोग दिया गया था। इसके बाद निर्माण कार्य में तेजी आई और समाज के विभिन्न लोगों के सहयोग से कम समय में भव्य धर्मशाला का निर्माण पूरा किया गया।
मौके पर कहा गया कि यह धर्मशाला समाज के साथ-साथ जरूरतमंद एवं कमजोर वर्ग के लोगों के लिए भी उपयोगी साबित होगी। ऐसे लोगों को न्यूनतम शुल्क पर धर्मशाला की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। धर्मशाला के निर्माण को समाज की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसके लिए सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन अपूर्व सिंह ने किया। मौके पर अध्यक्ष विश्वजीत सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, सचिव अशोक सिंह, महेश्वर सिंह, उपाध्यक्ष राजू सिंह, कोषाध्यक्ष-संरक्षक राजेंद्र सिंह, सीपी सिंह, गोविंद सिंह, मुन्ना सिंह, पूर्व इंजीनियर विनय सिंह, विनय शर्मा, मदन विश्वकर्मा, नवीन सिन्हा, रामानंद सिंह, बिनोद स्वर्णकार, बलभद्र सिंह, राजीव सिंह, बहादुर सिंह, दशरथ सिंह, संजीत सिंह पप्पू, अजय सिंह, सुरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, रणधीर सिंह, अमरनाथ सिंह, रमेश सिंह, विजय सिंह समेत क्षत्रिय कल्याण समाज के सैकड़ों सदस्य उपस्थित थे।