झारोटेफ सम्मेलन में शिक्षकों की समस्याओं पर मंथन
डीजे न्यूज,पीरटांड़ (गिरिडीह) : झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड इंप्लाइज फेडरेशन (झारोटेफ) के प्रखंड स्तरीय सम्मेलन सह समिति विस्तार कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को प्रोजेक्ट प्लस टू हाई स्कूल, पीरटांड़ में किया गया। सम्मेलन में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की लंबित मांगों, विशेषकर एमएसीपी (MACP) का लाभ दिलाने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। सम्मेलन में जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। समिति विस्तार के दौरान अशोक कुमार सिंह को सर्वसम्मति से प्रखंड उपाध्यक्ष तथा मनोज अग्रवाल को उपसचिव चुना गया। वहीं महिला प्रकोष्ठ को मजबूत करने के उद्देश्य से किरण कुमारी और रीना मरांडी को जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम के दौरान झामुमो के पीरटांड़ प्रखंड अध्यक्ष बिरजू मरांडी को बुके एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने शिक्षकों की लंबित मांगों के समर्थन में शीघ्र ही समर्थन पत्र सौंपने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राम किंकर उपाध्याय ने की, जबकि संचालन सफदर अली ने किया। मौके पर विकास कुमार, दिनेश यादव, राधा कृष्ण, भैरव रविदास, मनोज सिंह, आशीष मंडलवार, एमडी अजहरुद्दीन, अविनाश चंद्र गोस्वामी, बासुदेव सोरेन, अर्नेस्ट भेंगरा, दरबारी पंडित, मेराज अंसारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद थे।