देवरी के प्रवासी मजदूर की गुजरात में संदिग्ध मौत

देवरी के प्रवासी मजदूर की गुजरात में संदिग्ध मौत

परिवार ने सरकार से लगाई मुआवजे की गुहार

डीजे न्यूज, देवरी (गिरिडीह): रोजी-रोटी की तलाश में गुजरात गए देवरी प्रखंड के मकडीहा गांव निवासी प्रवासी मजदूर टुनटुन राय (45) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बीते 21 अक्टूबर को गुजरात के मोरबी क्षेत्र में एक फैक्ट्री में काम करने के दौरान उनकी मौत हुई। मौत के कारणों का पता खबर लिखे जाने तक नहीं चल पाया था। शनिवार को जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

मृतक टुनटुन राय, ब्रह्मदेव राय के पुत्र थे। वह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी इंदु देवी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा छिन जाने से बच्चों के भविष्य और भरण-पोषण को लेकर चिंता बढ़ गई है।

**पति का शव देखते ही बेसुध हुई पत्नी**

शनिवार को टुनटुन राय का शव गांव पहुंचते ही परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी इंदु देवी पति का शव देखते ही बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। परिजन और ग्रामीण उन्हें संभालने तथा ढांढ़स बंधाने में जुटे रहे। गांव में हर तरफ मातम पसरा रहा। तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से ग्रामीण भी दुखी नजर आए।

**परिवार ने सरकार से लगाई मुआवजे की गुहार**

मृतक के परिजनों ने सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि संकट की इस घड़ी में परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके और बच्चों के पालन-पोषण में मदद हो।

घटना पर कांग्रेस नेता धनंजय कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य विनय कुमार शर्मा, बिमल कुमार सिंह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार राय, घोकल दास, प्रमुख पति अजय राय, प्रकाश चौधरी और पंकज राय समेत अन्य लोगों ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए इस कठिन समय में उन्हें धैर्य प्रदान करने की कामना की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top