झरिया में बीज मंत्र उच्चारण प्रतियोगिता आयोजित, बच्चों ने दिखाया उत्साह
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : लक्ष्मी देवी सरस्वती शिशु मंदिर प्रांगण में सोमवार को अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन झरिया शाखा की ओर से बीज मंत्र उच्चारण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में संस्कार और धार्मिक ज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ मंत्रों का शुद्ध उच्चारण किया। सही एवं स्पष्ट उच्चारण करने वाले बच्चों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रिंसिपल एवं शिक्षक उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विजेता बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया गया, वहीं सभी बच्चों के बीच फ्रूटी, टॉफी और पेन का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम शाखा अध्यक्ष शीला चोखानी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर शाखा की सचिव शिल्पा कारीवाल, कोषाध्यक्ष सीमा सावरिया, रूपा सुल्तानिया, प्रभा केजरीवाल, रीता अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, अनिता तयाल, सुमन शंघाई सहित विशेष अतिथि पार्षद सुमन अग्रवाल एवं सुमन डालमिया भी मौजूद रहीं।