झरिया मास्टर प्लान के तहत आजीविका परियोजना का शिलान्यास, युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर
डीजे न्यूज तिसरा,धनबाद : भारत सरकार के कोयला राज्य मंत्री Satish Chandra Dubey ने बुधवार को बैलगाड़ीया स्थित Jharia Bihar Township पहुंचकर बीसीसीएल द्वारा झरिया मास्टर प्लान के अंतर्गत आजीविका एवं रोजगार सृजन परियोजना का शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री श्री दुबे ने कहा कि बैलगाड़ीया टाउनशिप झरिया मास्टर प्लान के अंतर्गत आता है, जो केंद्र सरकार के नियंत्रण में संचालित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि झरिया क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या भूधसान और विस्थापन है। आर्थिक समस्याओं का समाधान किया जा सकता है, लेकिन भूधसान में जान जाने की क्षति की भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं से निपटने के लिए जनता का सहयोग आवश्यक है।
कोयला राज्य मंत्री ने लोगों से अपने बच्चों को शिक्षित करने की अपील करते हुए कहा कि बेटा और बेटी में कोई फर्क नहीं करना चाहिए। उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश की बेटियां ई-रिक्शा से लेकर हवाई जहाज तक चला रही हैं और हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जहां सरस्वती का वास होता है, वहां लक्ष्मी स्वयं आ जाती हैं, इसलिए बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि कौशल विकास योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार सृजन के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त कर लोग कुटीर उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
मंत्री श्री दुबे ने कहा कि झरिया मास्टर प्लान की मॉनिटरिंग भारत सरकार, जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है तथा क्षेत्र के विकास के लिए सभी को मिलजुल कर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर Ragini Singh, Manoj Agrawal, ऋतुराज मिश्रा, अखिलेश पांडे, बी.के. ठाकुर, हृदेश द्विवेदी, नारायण जी ओझा, जरेडा के संजय सिंह, मुरली कृष्ण रमैय्या, राजीव सिंह, राजीव लहरी, राजीव रंजन, राजीव चौधरी सहित कई लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री दुबे ने पांच लोगों को स्वरोजगार के लिए ई-रिक्शा वितरित किया। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए मशरूम, अचार तथा बांस से बने हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल का भी अवलोकन किया।