झरिया के विकास और रेलवे सुविधाओं को लेकर डीआरएम से मिलीं विधायक रागिनी

Advertisements

झरिया के विकास और रेलवे सुविधाओं को लेकर डीआरएम से मिलीं विधायक रागिनी

डीजे न्यूज, धनबाद: झरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक रागिनी सिंह ने क्षेत्र की जनसमस्याओं, यात्री सुविधाओं और रेलवे से जुड़े लंबित विकास कार्यों को लेकर धनबाद मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अखिलेश मिश्र  से मुलाकात कर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा। उन्होंने झरिया एवं धनबाद क्षेत्र के हजारों लोगों की दैनिक परेशानियों को प्रमुखता से उठाते हुए रेलवे प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।

विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया विधानसभा क्षेत्र की बड़ी आबादी प्रतिदिन रेलवे और उससे जुड़े मार्गों पर निर्भर है, लेकिन वर्षों से कई बुनियादी समस्याएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। उन्होंने डीआरएम के समक्ष न केवल समस्याएं रखीं, बल्कि उनके व्यावहारिक एवं जनहितकारी समाधान भी सुझाए।

झरिया 4 नंबर बस स्टैंड को रेलवे परिसर में विकसित करने की मांग

विधायक ने पुराने झरिया-धनुआडीह रेलवे स्टेशन परिसर में एक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित बस स्टैंड विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में झरिया 4 नंबर बस स्टैंड के आसपास अत्यधिक भीड़, अव्यवस्थित यातायात और लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि यदि बस स्टैंड को पुराने रेलवे स्टेशन परिसर में स्थानांतरित किया जाता है तो न केवल जाम की समस्या कम होगी, बल्कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, रेलवे की खाली पड़ी भूमि का सदुपयोग होगा तथा पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बन सकेगी।

झरिया से धनबाद तक सीधी रेल सेवा की मांग

मुलाकात के दौरान विधायक रागिनी सिंह ने झरिया क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण समस्या को उठाते हुए कहा कि वर्तमान में झरिया से धनबाद तक कोई सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण प्रतिदिन हजारों लोगों को धनबाद आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने झरिया क्षेत्र के यात्रियों, छात्रों, व्यवसायियों एवं नौकरीपेशा लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए झरिया से धनबाद के बीच रेल परिचालन की दिशा में आवश्यक पहल करने की मांग की।

धनबाद से बक्सर और बलिया तक ट्रेन चलाने की उठाई मांग

विधायक ने कहा कि धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग बिहार के बक्सर, बलिया एवं पूर्वांचल क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद इन क्षेत्रों के लिए सीधी रेल सुविधा का अभाव है। उन्होंने धनबाद से बक्सर एवं बलिया तक नई ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूती मिलेगी।

धनबाद स्टेशन के दक्षिणी छोर के विकास पर दिया जोर

रागिनी सिंह ने धनबाद रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, अंडरपास में स्ट्रीट लाइट लगाने, दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, प्लेटफॉर्म संख्या-8 पर लिफ्ट के नियमित संचालन तथा प्लेटफॉर्म संख्या-1 से 8 तक फुटओवर ब्रिज के विस्तार की मांग की।

उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के विकसित होने से यात्रियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को काफी राहत मिलेगी।

भाटडीह और जोड़ाफाटक क्षेत्र की समस्याओं को भी रखा

विधायक ने जोड़ाफाटक से स्टेशन के दक्षिणी छोर तक सड़क निर्माण, भाटडीह क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए रेलवे आरओबी के नीचे 11 केवी केबल ले जाने की अनुमति, जलभराव की समस्या के समाधान हेतु नाली निर्माण तथा भाटडीह अंडरपास निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग भी की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास किए जाने के बाद भी भाटडीह अंडरपास का कार्य शुरू नहीं होना स्थानीय लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता और इससे क्षेत्र की बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है।

जनता की आवाज को रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास

विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाना और उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र की जनता को राहत प्रदान करेगा।

मंडल रेल प्रबंधक ने विधायक को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों एवं प्रस्तावों की विभागीय स्तर पर समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा जनहित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए गंभीरता से पहल की जाएगी।

इस अवसर पर अखिलेश सिंह, उमेश यादव, अभिषेक पांडेय, संतोष शर्मा, अवधेश राय सहित अन्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top