जामताड़ा पुलिस को मिले 18 दोपहिया वाहन, डीसी व एसपी ने दिखाई हरी झंडी

Advertisements

जामताड़ा पुलिस को मिले 18 दोपहिया वाहन, डीसी व एसपी ने दिखाई हरी झंडी

डीजे न्यूज, जामताड़ा : राज्य सरकार द्वारा जामताड़ा पुलिस को उपलब्ध कराए गए 18 नए दोपहिया वाहनों को गुरुवार को जिला नियंत्रण कक्ष से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री रवि आनंद (भाप्रसे) एवं पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता (भा०पु०से०) ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जामताड़ा पुलिस ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार प्रकट किया।

उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि इन नए वाहनों के शामिल होने से जिले में बाइक पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। इससे शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में भी पेट्रोलिंग और अन्य पुलिस कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।

वहीं पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने बताया कि नए वाहनों से पुलिस की प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा, जिससे अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल पुलिस बल के मनोबल को भी बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।

बिना हेलमेट चालकों को दिए गए हेलमेट

कार्यक्रम के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष के पास से गुजर रहे कई दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट के पाया गया। इस पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने उन्हें रोककर हेलमेट वितरित किए और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाना न केवल खतरनाक है, बल्कि यह सुरक्षा नियमों की भी अनदेखी है।

इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, एसडीपीओ जामताड़ा सहित अन्य संबंधित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top