इंटीग्रेटेड बी.एससी.-बी.एड. (आईटीईपी) पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए आवेदन शुरू
डीजे न्यूज, धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खनि विद्यापीठ), धनबाद ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 4 वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) के तहत बी.एससी.-बी.एड. (सेकेंडरी स्टेज) पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 1 जून से 19 जून तक संस्थान की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य ऐसे शिक्षकों को तैयार करना है जो विज्ञान विषयों की मजबूत समझ के साथ आधुनिक शिक्षा व्यवस्था की जरूरतों को पूरा कर सकें। इस चार वर्षीय आवासीय पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को भौतिकी, रसायन विज्ञान अथवा गणित में बी.एससी. के साथ बी.एड. की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।
नामांकन राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नेशनल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (एनसीईटी)-2026 में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों को संबंधित विषय के साथ एनसीईटी-2026 में शामिल होना अनिवार्य होगा।
संस्थान में कुल 50 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें बी.एससी. (भौतिकी)-बी.एड. में 15, बी.एससी. (रसायन विज्ञान)-बी.एड. में 15 तथा बी.एससी. (गणित)-बी.एड. में 20 सीटें निर्धारित हैं। आरक्षण केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार दिया जाएगा।
प्रथम चयन सूची 1 जुलाई को, दूसरी सूची 9 जुलाई को तथा तीसरी सूची 15 जुलाई को जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की संस्थान में फिजिकल रिपोर्टिंग 25 जुलाई को होगी। नए सत्र की कक्षाएं 27 जुलाई से शुरू होंगी। आवश्यकता पड़ने पर 29 जुलाई को स्पॉट राउंड भी आयोजित किया जाएगा।
आईआईटी (आईएसएम) धनबाद का यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को विज्ञान विषयों की उच्च स्तरीय शिक्षा के साथ शिक्षक प्रशिक्षण का अवसर प्रदान करेगा। संस्थान का मानना है कि यह पाठ्यक्रम भविष्य के ऐसे शिक्षकों को तैयार करेगा जो शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पात्रता, शुल्क, आरक्षण, आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य विस्तृत जानकारी संस्थान की वेबसाइट www.iitism.ac.in पर उपलब्ध है।