डीसीए चैंपियंस लीग जूनियर शुक्रवार से, ड्रेस लांच
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद क्रिकेट संघ ने बुधवार को चैंपियंस लीग (जूनियर) टूर्नामेंट के लिए ड्रेस लांच किया। रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित डीसीए के कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में टूर्नामेंट में भाग ले रही चारों टीमों के खिलाड़ी व उनके कोच एवं टूर्नामेंट आब्जर्वर भी उपस्थित थे। टूर्नामेंट पांच जून से टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल नौ जून को निर्धारित है। इसमें डीसीए रेड, डीसीए ब्लू, डीसीए ग्रीन एवं डीसीए येलाे भाग ले रही हैं।
खिलाड़ियों को डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह, जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।
टूर्नामेंट आब्जर्वर अशीत सहाय ने कहा कि वे बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के समय से क्रिकेट से जुड़े हुए हैं। उस समय से लेकर आज तक धनबाद में खिलाड़ियों के लिए जितना अवसर मिलता है, वह और कहीं नहीं मिलता। सीजन समाप्त हो रहा है और अभी भी खिलाड़ियों को चैंपियंस लीग के माध्यम से उन्हें एक अच्छा प्लेटफार्म मिल रहा है जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सके। इस अवसर पर डीसीए के पदाधिकारियों में साधवेंद्र सिंह, रविजीत सिंह डांग, जावेद खान, सुनील कुमार, संजीव राणा, द्वारिका तिवारी के अलावा टीम के कोच कृषाणु चक्रवर्ती, मिथलेश कुमार, रितम डे एवं इस्तेखार अहमद खान, अंपायर नीरज पाठक व अन्य उपस्थित थे।