गुरु पूर्णिमा से संत रविदास जयंती तक भाजपा करेगी कार्यक्रम

गुरु पूर्णिमा से संत रविदास जयंती तक भाजपा करेगी कार्यक्रम

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भाजपा गिरिडीह महानगर जिला कार्यालय में सोमवार को एक संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय और संचालन जिला उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा ने की। बैठक में शक्तिकेंद्र समिति और बूथ समिति के सत्यापन व गठन को लेकर मंडल प्रभारी, प्रवासी एवं अध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। गुरु पूर्णिमा से संत रविदास जयंती तक चलने वाले इन कार्यक्रमों के तहत गुरु पूर्णिमा के दिन उनके जन्म स्थल से मिट्टी कलश में लेकर कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा देश भर के सभी राज्यों से होते हुए राज्य की राजधानी पहुंचेगी। इसके बाद मंदिर में पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और प्रवचन के साथ कलश यात्रा जिला मुख्यालय, मंडल और शक्ति केंद्र तक जाएगी। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता संत रविदास जी के विचारों और समाज सेवा के कार्यों के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। जानकारी दी गई कि प्रदेश की टीम कलश लेने के लिए रांची से रवाना हो चुकी है। यात्रा के दौरान जगह-जगह स्वागत और रात्रि विश्राम के समय मंदिरों में पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन, प्रवचन और समरसता भोज का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम के लिए जिला स्तर पर 5 सदस्यीय टोली गठित की गई है। जिसमें सिकंदर हेम्ब्रम, अमर तुरी, देवराज, सुरेश प्रसाद मंडल और रिंकी देवी शामिल हैं। इसी तरह सभी मंडलों में भी मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में 5 सदस्यीय टोली बनाई गई है। जिला अध्यक्ष रंजीत राय ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी समाज में समरसता, आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूती देगी। बैठक में प्रदेश मंत्री शालिनी बैसखियार, पूर्व विधायक जय प्रकाश वर्मा, पूर्व मेयर सुनील पासवान, दिनेश यादव, विभाकर पांडेय, ई. विनय सिंह, दीपक यादव, गुड़िया कुमारी, बबली साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top