गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड से दूर रहें छात्र-छात्राएं : एसएसपी 

गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड से दूर रहें छात्र-छात्राएं : एसएसपी 

जो अभिभावक अपने विद्यार्थी संतान को बाइक और आईफोन देते हैं, वह उसके भविष्य का मर्डर करते हैं

आर्थिक कमी से विद्यार्थियों की जिंदगी तपती है, रगड़ाती है और घिसती है फिर सोने जैसी चमकती भी है

नागरिक समिति गोविंदपुर के प्रतिभा सम्मान समारोह में दिया मोटिवेशनल स्पीच 

डीजे न्यूज, गोविंदपुर(धनबाद) : एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में असुविधा और कमी भी जरूरी है। आर्थिक कमी से विद्यार्थियों की जिंदगी तपती है। रगड़ाती है और घिसती है। इसके बाद सोने जैसी चमकती भी है। उन्होंने कहा कि जो अभिभावक अपने विद्यार्थी पुत्र को बाइक और आईफोन देते हैं, वह उसके भविष्य का मर्डर करते हैं। वह मंगलवार को नागरिक समिति गोविंदपुर द्वारा राजविलास रिसोर्ट में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि पद से बोल रहे थे। समिति ने इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र के 125 मैट्रिक और इंटर के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मान प्रदान किया। एसएसपी ने करीब 2 घंटे तक विद्यार्थियों के प्रश्न सत्र का उत्तर दिया और उनकी काउंसलिंग की। एसएसपी ने कहा कि दसवीं के बाद 6 वर्ष और 12वीं के बाद 4 वर्ष जो तपस्या करता है, उसकी जिंदगी सार्थक हो जाती है। कहा कि 4 वर्ष कष्ट करो और जीवन भर ऐश करो। उन्होंने कहा कि शिक्षकों में बच्चों का डाउट दूर करने की कैपेसिटी होनी चाहिए। मोबाइल फोन एक नशा है। मोबाइल फोन को नौकर की तरह रखना चाहिए। यदि मोबाइल फोन ही मालिक हो गया तो विद्यार्थियों को मुश्किल होगी। उन्होंने कहा कि आज 99% लोगों का मोबाइल फोन उनके मालिक बना हुआ है। मोबाइल फोन नहीं बजाने और व्हाट्सएप नहीं आने से लोग परेशान हो जा रहे हैं। उन्होंने अपना अनुभव सुनाते हुए कहा कि मैट्रिक में वह 62% अंक लाए थे। फिर एमबीए करने के बाद 4 वर्ष बैंकिंग में नौकरी की। फिर आईपीएस बने। आईपीएस इसलिए बने कि उन्होंने जो किया खुद किया। पिता कोई बड़े व्यवसायी नहीं थे और न बहुत बड़े खेतिहर थे। इसलिए मेहनत की और आगे बढ़े। एसएसपी ने कहा कि अब साधारण विद्यार्थियों की कोई गुंजाइश नहीं रही। अपने फील्ड में जो टॉपर होंगे, वही आगे बढ़ेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड से दूर रहने की अपील की और कहा कि मेहनत करने के बाद सारी सुविधाएं मिलेंगी। एसएसपी ने उपस्थित अभिभावकों से बच्चों को उनके मन मुताबिक सारी सुविधाएं नहीं देने की अपील की। कहा इससे बच्चे बिगड़ रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए इस तरह की प्रतिभा सम्मान आयोजित करने के लिए नागरिक समिति की सराहना की। समिति अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल ने विद्यार्थियों के लिए 2 घंटे का बहुमूल्य समय देने के लिए एसएसपी का आभार जताया। कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने में समिति का पूरा सहयोग रहेगा। अतिथियों का स्वागत आनंद जायसवाल, संचालन जयप्रकाश मिश्र एवं धन्यवाद ज्ञापन अनूप साव ने किया। इस मौके पर समिति की ओर से बेहतर विधि व्यवस्था के लिए एसपी का नागरिक अभिनंदन किया गया। बेहतर रिजल्ट के लिए प्राचार्य डॉ मीरा सिंह, विजय कुमार तांती, समरेश कुमार, अशोक श्रीवास्तव, अशरफ अंसारी, डॉ आरके शर्मा, महेश कुमार यादव एवं गौतम सिकदर को एसएसपी ने सम्मानित किया। मौके पर प्रखंड प्रमुख निर्मला सिंह, डॉ यूएल विश्वकर्मा, डीएन सिंह, मारवाड़ी महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय प्रमुख रेणु दुदानी, सरोज सरिया, सुनीता बंसल, किशन अग्रवाल, बलराम साव, जितेश जायसवाल, मोबिन अंसारी, मोइन अंसारी, विपिन रजक, बाबू भगत, बबलू बिस्टू, तालेश्वर साव, विश्वनाथ पाल, याकूब अंसारी, राजीव मित्तल, आदित्य अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, शरद अग्रवाल, विश्वनाथ पाल, सुशांत पांडेय, सुरेश शर्मा आदि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top