गिरिडीह में बाबूलाल मरांडी ने राहुल गांधी पर बोला तीखा हमला

गिरिडीह में बाबूलाल मरांडी ने राहुल गांधी पर बोला तीखा हमला
डीजे न्यूज, गिरिडीह : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता से बाहर होने के बाद लगातार चुनाव प्रक्रिया, ईवीएम और अन्य मुद्दों पर सवाल उठाती रही है, लेकिन आरोपों के समर्थन में ठोस प्रमाण सामने नहीं रखती।
मरांडी ने कहा कि मुद्दे बदलते रहे, लेकिन कांग्रेस का रवैया वही रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘वोट चोरी’ जैसे बयान देकर जनता को गुमराह करने और देश में भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने राहुल गांधी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस को उनके बयानों को लेकर गंभीरता से सोचना चाहिए और “राहुल गांधी का अच्छे से मानसिक इलाज कराना चाहिए।”
मरांडी ने कहा कि चुनाव आयोग ने भी हालिया विवाद पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दल मोदी सरकार को बदनाम करने के लिए लगातार नए मुद्दे उठा रहे हैं। साथ ही उन्होंने विदेशों में भारत की नकारात्मक छवि बनाने का राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि जनता आने वाले समय में इसका जवाब देगी। मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष रंजीत राय, भाजपा नेता चुन्नूकांत, नवीन सिन्हा, मनोज संघई, सिकंदर हेंब्रम, महिला नेत्री संगीता सेठ आदि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top